गाजीपुर के मौधियां बाजार में मारपीट में युवक की मौत:सोनू हत्याकांड मामले में चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज

गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र में मौधियां बाजार में रविवार की रात दो पक्षों में हुई मारपीट में सोनू यादव की मौत के मामले में उसके बहनोई ने तहरीर देकर तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। वहीं उसके साथ घायल युवक अजय यादव का इलाज चल रहा है। उधर शांति व्यवस्था बनाए रखने और हमलावरों की धर पकड़ के लिए सादात सहित सैदपुर और शादियाबाद की पुलिस लगी रही। गौरतलब है कि मृतक सोनू यादव मूलतः सैदपुर थाना क्षेत्र के फुलवारी कलां गांव का निवासी था। बीते कई वर्षों से उसके पिता नेवरसा मिलने पर अपनी ससुराल धुआर्जुन गांव में अपने ससुर स्व. चंद्रदेव यादव के यहां रहने लगे। चन्द्र देव यादव को सिर्फ पुत्री सुमित्रा है। चार भाईयों और दो बहनों में सबसे छोटा सोनू गुजरात में काम करता था। एक दुर्घटना में उसका पैर टूट गया था, जिसके चलते उसके पैर में रॉड पड़ी थी। कुछ दिन पूर्व उसके पैर से लोहे की रॉड निकाली गई थी। जिसके चलते वो सहारा लेकर चलता था। रविवार की रात वह अपने दोस्त 30 वर्षीय अजय यादव, दीपक यादव, अभिषेक के साथ मौधियां बाजार गया था। घटना के बाद मृतक के घर फुलवारी कलां और ननिहाल धुआर्जुन में परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा। मृतक की मां सुमित्रा देवी रह रहकर अचेत हो जा रही थी।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर