बांदा की कोतवाली देहात पुलिस ने छनेहरालालपुर में दो घरों में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 3.5 लाख रुपए कीमत के जेवरात, नकदी, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। यह घटना 25 मार्च और 28 मार्च, 2026 को हुई थी। छनेहरालालपुर निवासी मुखिया पुत्र भुरैया और मुन्ना पुत्र मैयादीन ने 30 मार्च, 2026 को अपने घरों के ताले तोड़कर हुई चोरी के संबंध में थाना कोतवाली देहात में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अभियुक्तों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की थीं। कोतवाली देहात पुलिस टीम ने संदिग्धों से पूछताछ की और वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग किया। सूचना मिलने के 12 घंटे के भीतर, मुखबिर की सूचना पर छनेहरालालपुर रोड से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने घरों में चोरी की घटना को स्वीकार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किए गए करीब 3.5 लाख रुपये कीमत के आभूषण, नकदी के साथ-साथ एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान विवेक कुमार पुत्र रामेश्वर, सुरेश उर्फ मोती पुत्र दुर्जन और संतोष कुमार पुत्र बद्दू के रूप में हुई है। ये सभी छनेहरालालपुर, थाना कोतवाली देहात, जनपद बांदा के निवासी हैं।

Leave a Reply