DniNews.Live

अवैध एलपीजी रिफिलिंग के दौरान कार में लगी आग:पीलीभीत में एक झोपड़ी जलकर राख, जनहानि टली

पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुर में मंगलवार रात अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर से कार में गैस भरते समय आग लग गई। इस घटना में कार पूरी तरह जल गई और पास स्थित एक ग्रामीण की झोपड़ी भी आग की चपेट में आकर राख हो गई। मंगलवार रात करीब 8 बजे ग्राम जैतपुर निवासी माखनलाल के घर उनके रिश्तेदार हरिओम अपनी कार (संख्या: UP26AS7363) लेकर आए थे। घर के पास ही कार में एलपीजी सिलेंडर से गैस रिफिलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान गैस रिसाव के कारण अचानक कार में आग भड़क उठी। आग की लपटें तेजी से फैलीं और उन्होंने माखनलाल की झोपड़ीनुमा घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि परिवार के सदस्यों को घर का सामान बचाने का मौका नहीं मिला और पूरा आशियाना जलकर खाक हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही गजरौला थाना पुलिस और फायर सर्विस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, सभी लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर हट गए थे। गजरौला थाना अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गैस रिफिलिंग के दौरान लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि कार और एक झोपड़ी पूरी तरह जल गई है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *