दिल्ली से पूर्णिया आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट शुक्रवार को अचानक रद्द कर दी गई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान से पहले यात्रियों को करीब ढाई घंटे तक विमान के अंदर ही बैठाकर रखा गया। लंबे इंतजार के बाद अचानक फ्लाइट रद्द किए जाने की घोषणा कर दी गई, जिससे यात्रियों में नाराज़गी देखने को मिली। यात्रियों का कहना है कि बोर्डिंग के बाद विमान के अंदर बैठाए रखने के दौरान न तो सही जानकारी दी गई और न ही यह बताया गया कि उड़ान में देरी क्यों हो रही है। जब यात्रियों ने सवाल किए, तब काफी देर बाद उन्हें बताया गया कि पायलट की कमी के कारण फ्लाइट का संचालन संभव नहीं है। इसके बाद सभी यात्रियों को विमान से बाहर उतार दिया गया। फ्लाइट के अंदर बैठी महिलाएं, बच्चे हुए परेशान फ्लाइट के अंदर लंबे समय तक बैठे रहने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें न तो समय पर पानी मिला और न ही ये स्पष्ट किया गया कि फ्लाइट उड़ान भरेगी या नहीं। अचानक कैंसिलेशन की घोषणा से यात्रियों की आगे की यात्रा की योजना भी बिगड़ गई। ‘फ्लाइट कैंसिल करना थी, तो पहले जानकारी देनी चाहिए थी’ दिल्ली से पूर्णिया आ रहे यात्री राकेश कुमार ने कहा कि अगर फ्लाइट कैंसिल करनी ही थी तो पहले ही बता देना चाहिए था। ढाई घंटे तक हमें विमान में बैठाए रखा गया, इससे काफी परेशानी हुई। वहीं एक अन्य यात्री ने बताया कि हम अपने जरूरी काम के लिए जा रहे थे। आखिरी समय पर फ्लाइट कैंसिल होने से होटल, टैक्सी और दूसरी व्यवस्थाएं बिगड़ गईं। पूर्णिया एयरपोर्ट से कुल 8 फ्लाइट्स ने किया लैंड और टेकऑफ फ्लाइट रद्द होने के बावजूद आज पूर्णिया एयरपोर्ट पर कुल आठ विमानों का आवागमन हुआ। इनमें चार विमानों का आगमन और चार विमानों का प्रस्थान दर्ज किया गया। आज कुल 691 यात्रियों की आवाजाही हुई, जिसमें 306 यात्री आगमन और 385 यात्री प्रस्थान में शामिल रहे। हालांकि एक फ्लाइट के रद्द होने से यात्रियों की संख्या और उड़ान संचालन पर असर पड़ा। इससे एक दिन पहले, यानी गुरुवार को पूर्णिया एयरपोर्ट से सभी विमान नियमित समय पर संचालित हुए और यात्रियों की आवाजाही भी सामान्य रही। दिल्ली–पूर्णिया फ्लाइट के अचानक रद्द होने और यात्रियों को लंबे समय तक विमान में बैठाए रखने की घटना ने एक बार फिर एयरलाइंस की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। यात्रियों का कहना है कि फ्लाइट रद्द होना अलग बात है, लेकिन समय पर जानकारी न देना और विमान के अंदर बैठाकर रखना सबसे बड़ी परेशानी रही।
https://ift.tt/MZfeohs
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply