रामपुर में कोडीन युक्त सिरप की अवैध बिक्री के मामले में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दवा विक्रेता भाइयों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। दोनों पर लाखों रुपए की नशीली सिरप बिना बिल के बेचने का आरोप है। क्राइम ब्रांच ने उस्मान और दानिश नाम के दो सगे भाइयों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की है। क्राइम इंस्पेक्टर अजयवीर सिंह ने मंगलवार दोपहर दो अलग-अलग मामलों में आरोप पत्र प्रस्तुत किया। वहीं जांच में सामने आया कि दोनों भाइयों ने करीब 42 लाख रुपए मूल्य की कोडीन युक्त सिरप बिना बिल के बेची। यह सिरप नशे के रूप में दुरुपयोग की आशंका के कारण संवेदनशील श्रेणी में आती है। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने 3 दिसंबर 2025 को गंज कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपियों के पास दवा बिक्री का थोक लाइसेंस था, लेकिन उन्होंने नियमों का गंभीर उल्लंघन किया। विभाग की ओर से नोटिस दिए जाने के बावजूद दोनों आरोपी खरीद और बिक्री से संबंधित कोई रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सके, जिससे उनके अवैध कारोबार की पुष्टि हुई। क्राइम ब्रांच ने गहन जांच के बाद 6 फरवरी को दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। मामले के विवेचक क्राइम इंस्पेक्टर अजयवीर सिंह ने बताया कि जांच पूरी कर पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। इस कार्रवाई को अवैध दवा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त पहल से जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के प्रयास तेज हो गए हैं।

Leave a Reply