मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से 14 वर्षीय एक नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना 30 मार्च 2026 की शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। मामले में 31 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी की आरोपी युवक से फोन पर बातचीत होती थी। जब इसकी जानकारी उन्हें हुई, तो उन्होंने युवक को सख्त हिदायत दी थी कि वह उनकी बेटी से दूर रहे। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर अपनी नौकरी भी छोड़ दी थी। परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन युवक नाबालिग को अपने साथ ले गया। जब मां ने संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपी ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही नाबालिग की बरामदगी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्यवाही जारी है।

Leave a Reply