नववर्ष के अवसर पर ब्रजभूमि में देश-विदेश से आए 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रमुख मंदिरों में दर्शन किए। यह भारी भीड़ 25 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच दर्ज की गई, जिससे नए साल की शुरुआत धार्मिक उत्साह और आस्था के माहौल में हुई। जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश मंदिर, वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर, गोवर्धन के गिरिराज जी, बरसाना का श्री राधा रानी मंदिर, नंदगांव, गोकुल और श्री दाऊजी महाराज मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई के लिए पुलिस प्रशासन के साथ स्वयंसेवी संगठनों का भी सहयोग लिया गया, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही। जिलाधिकारी ने बताया कि यह संख्या ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का ब्रज दर्शन के लिए पहुंचना पहली बार देखने को मिला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही उन अफवाहों का भी खंडन किया, जिनमें अत्यधिक भीड़ के कारण दर्शन में परेशानी की बात कही जा रही थी और लोगों को ब्रज न आने की सलाह दी जा रही थी। जिलाधिकारी ने इन अफवाहों को निराधार बताते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हैं। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से बिना किसी संकोच के ब्रज आने और ठाकुरजी के दर्शन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं का आवागमन 3 जनवरी तक जारी रहेगा और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है।
https://ift.tt/wx57pLY
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply