सुल्तानपुर के कोतवाली चांदा क्षेत्र में सोमवार रात एक अंडे की दुकान पर हुए विवाद के बाद दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला किया गया। महारानी पश्चिम गांव स्थित रेलवे फाटक के पास हुई इस घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान सुरेश गौतम और संतोष गौतम के रूप में हुई है। ये दोनों भाई रेलवे फाटक के पास अपनी अंडे की दुकान लगाते हैं। बताया जा रहा है कि रोज की तरह दुकान पर मौजूद होने के दौरान कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई, जो जल्द ही हिंसक विवाद में बदल गई। हमलावरों ने धारदार हथियार से दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ वार किए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों भाइयों के हाथों में गहरी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली चांदा पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर प्रतापगढ़ जनपद निवासी एक नामजद आरोपी और तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

Leave a Reply