कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 5 बजे मंदिर से लौट रहे एक परिवार के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। ऑटो से घर जा रहे परिवार का कुछ युवकों ने बाइक से पीछा किया। परिवार के सदस्यों ने पहले उन युवकों को रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। लक्ष्मीगंज गेट के पास तीन बाइकों पर सवार कुछ अन्य युवक भी वहां आ गए। उन्होंने ऑटो को घेरने और रोकने की कोशिश की, साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस दौरान ऑटो में बैठी महिलाओं ने आरोपियों का वीडियो भी बना लिया, जिसमें उनके चेहरे और बाइक स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। स्थिति बिगड़ती देख ऑटो चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को करीब एक किलोमीटर आगे गोबरहिया चौराहे पर रोक दिया। परिवार के सदस्यों ने वहां उतरकर शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ बढ़ती देख सभी बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी। एक राहगीर ने रामकोला थाने के सीयूजी नंबर पर भी कॉल कर घटना की जानकारी दी। आरोप है कि करीब 6 किलोमीटर की दूरी तय करने में पुलिस को 40 मिनट लगे। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने परिवार को थाने जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। स्थानीय लोगों ने ऐसी बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है और युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार के सदस्य अभिषेक (कप्तानगंज निवासी) ने बताया कि उन्होंने पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नशे में थे और बाद में उन्होंने घेरने का प्रयास किया। अभिषेक के अनुसार, यदि वे सूझबूझ नहीं दिखाते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। इस संबंध में रामकोला थानाध्यक्ष से संपर्क किया गया, जिन्होंने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply