DniNews.Live

यूपी बोर्ड कॉपियों के मूल्यांकन ने पकड़ी रफ्तार:11 दिन में 5.92 लाख कॉपियां जांची गईं

देवरिया जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य ने गति पकड़ ली है। 18 मार्च को शुरू हुए इस कार्य के तहत, अब तक 11 दिनों में कुल 5,92,605 कॉपियों की जांच पूरी कर ली गई है। मंगलवार को जिले के विभिन्न मूल्यांकन केंद्रों पर 1323 परीक्षकों ने 36,812 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। यह कार्य पांच निर्धारित केंद्रों पर चल रहा है, जिनमें से दो हाईस्कूल और तीन इंटरमीडिएट की कॉपियों के लिए हैं। इस वर्ष देवरिया जिले को कुल 6,58,068 उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित की गई हैं। इनमें हाईस्कूल की 3,63,264 और इंटरमीडिएट की 2,56,545 कॉपियां शामिल हैं। अब तक की प्रगति के अनुसार, हाईस्कूल की 3,58,221 और इंटरमीडिएट की 2,34,384 कॉपियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में कार्य कराया जा रहा है। केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, अशोक इंटर कॉलेज में 528 परीक्षकों ने 6,030 कॉपियों का मूल्यांकन किया। जनता इंटर कॉलेज में 540 परीक्षकों द्वारा 19,997 कॉपियां जांची गईं। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में 122 परीक्षकों ने 5,384 कॉपियों का मूल्यांकन कार्य संपन्न किया। इसी क्रम में, एसएसबी इंटर कॉलेज में 58 परीक्षकों ने 2,174 कॉपियां और बाबा राघव दास इंटर कॉलेज में 75 परीक्षकों ने 3,227 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी की। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मूल्यांकन कार्य पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में परीक्षकों की तैनाती की गई है और लगातार निगरानी की जा रही है। वर्तमान गति को देखते हुए, मूल्यांकन कार्य समय से पहले ही पूरा होने की उम्मीद है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *