हरदोई जनपद में नए साल 2026 की शुरुआत भीषण शीतलहर के साथ हुई है। शुक्रवार सुबह भी जिला घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा। हालांकि, गुरुवार को दिन में खिली धूप से लोगों को थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन न्यूनतम तापमान में आई भारी गिरावट ने रात और सुबह की गलन को बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने शीतलहर का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम वेधशाला हरदोई के प्रेक्षक रमेश चंद्र वर्मा के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार (1 जनवरी) को इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को यह 6.5 डिग्री था। गुरुवार दोपहर को आसमान साफ रहने से अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री तक पहुंचा, लेकिन 4 किमी/घंटा की रफ्तार से चली बर्फीली पश्चिमी हवाओं के कारण शाम ढलते ही पारा तेजी से नीचे गिर गया। शुक्रवार सुबह भी स्थिति लगभग वैसी ही बनी हुई है। सुबह के समय नमी का स्तर 97 प्रतिशत तक पहुंचने और घने कोहरे के कारण दृश्यता (Visibility) मात्र 50 से 100 मीटर रह गई है। सड़कों पर शुक्रवार की भोर में भी वाहन हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड के कारण सार्वजनिक स्थानों और चौराहों पर लोग अलाव के सहारे रातें काट रहे हैं। धूप निकलने के बावजूद गलन कम नहीं हो रही है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि सुबह और शाम के वक्त घर से बाहर निकलने में विशेष सावधानी बरतें। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 48 घंटों तक कोहरा और शीतलहर का यह प्रकोप जारी रहने की संभावना है।
https://ift.tt/GNdvja3
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply