बाराबंकी में एक हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में मृतक बबलू राजभर की पत्नी मंत्री के सामने पैर पकड़कर रोते हुए न्याय की गुहार लगाती दिख रही हैं, जबकि मंत्री अपनी कुर्सी पर बैठे हुए हैं। यह घटना मंगलवार की है। बताया जा रहा है कि मंत्री राजभर करीब एक घंटे तक पीड़ित परिवार के घर पर मौजूद रहे। उन्होंने परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। हालांकि, वीडियो में पीड़िता के गुहार लगाने के दौरान मंत्री के खड़े न होने पर अब सवाल उठने लगे हैं।
वीडियो में यह भी देखा गया कि मंत्री के साथ आए अन्य लोगों के सामने भी मृतका की मां ने पैर पकड़कर अपनी बात रखी, लेकिन वे भी अपनी जगह से नहीं उठे। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं हो रही हैं।
मामला शनिवार को दरियाबाद थाना क्षेत्र के पारा बेहटा गांव में हुई बबलू राजभर की नृशंस हत्या से जुड़ा है। इस घटना के बाद से पूरे जिले में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है, और जनप्रतिनिधियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अपनी यात्रा के दौरान बताया कि वह पीड़ित परिवार से मिलने, शोक संवेदना व्यक्त करने और मामले में चल रही कार्रवाई की जानकारी लेने आए हैं। उन्होंने दोषियों को बख्शे न जाने और पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply