जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती मंगलवार को पूरे शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर चारबाग जैन मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसकी अगुवाई श्री जैन धर्म प्रवर्धनी सभा के सभापति ने की। शोभायात्रा में घोड़े, बग्गियां, बैंड और डीजे की धुनें गूंज रही थीं, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। भगवान का सुसज्जित रथ सबसे पीछे चल रहा था, जिसके चारों ओर बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए नजर आए।श्रद्धालुओं ने ‘तुमसे लागी लगन’, ‘महावीर जयंती आई है..’ और ‘बच्चा-बच्चा करे पुकार…’ जैसे भक्ति गीतों पर जमकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। भगवान महावीर के अहिंसा और सद्भाव का संदेश यह शोभायात्रा चारबाग से शुरू होकर नाका हिंडोला, फतेहगंज, गणेशगंज और अमीनाबाद रोड होते हुए पुनः चारबाग जैन मंदिर पर समाप्त हुई। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के अहिंसा और सद्भाव के संदेशों का प्रचार-प्रसार किया।शाम को डालीगंज स्थित महावीर पार्क में धर्म सभा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। 2 अप्रैल को कवि सम्मेलन होगा कार्यक्रम में रवि प्रकाश जैन, सुबोध जैन, मनोज जैन, वीर कुमार जैन, सुशील जैन, रितेश जैन, संजीव जैन, बंटी जैन और अभिषेक जैन सहित समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मंजू श्री, लखनऊ की टीम ने अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद प्रभारी सिद्धार्थ ने बताया कि 2 अप्रैल को परिषद और चंदा रानी जैन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 11 असहाय व विकलांग मरीजों को ट्राई-साइकिल और 7 व्हीलचेयर वितरित की जाएंगी। इसी दिन शाम 6 बजे चौक स्थित खुन-खुन जी कोठी के सामने एक कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें देशभर के प्रतिष्ठित कवि भगवान महावीर के सिद्धांतों और समसामयिक विषयों पर अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।

Leave a Reply