DniNews.Live

साढ़ में करंट लगने से छात्र समेत तीन झुलसे:बचाने दौड़े दो और झुलसे, कटिया कनेक्शन का खौफनाक सच

कानपुर नगर के साढ़ थाना क्षेत्र के ढुकुवापुर गांव में मंगलवार सुबह अवैध बिजली कनेक्शन (कटिया) ने एक दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया, जिसमें तीन लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सूरज पाल अपने खेत में लगे समरसिबल पंप को बिजली के खंभे से अवैध रूप से कटिया डालकर चला रहा था। खेत के पास खुले में तार बिछे हुए थे, जिनमें लगातार करंट प्रवाहित हो रहा था। रविवार सुबह कक्षा 11 का एक छात्र नहाने के बाद खेत किनारे कपड़े सुखाने पहुंचा। जैसे ही वह तार के संपर्क में आया, तेज करंट की चपेट में आकर वहीं चिपक गया और तड़पने लगा। छात्र को करंट से जूझता देख उसकी दादी उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। इसी दौरान दोनों को बचाने पहुंचे पड़ोसी दयाराम ने भी हिम्मत दिखाई, परंतु वह भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। कुछ ही पलों में घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बिजली सप्लाई बंद करवाई और किसी तरह तीनों को करंट से अलग कर बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत नाजुक बनी हुई है।ग्रामीणों का आरोप है, कि खेत में लंबे समय से अवैध कटिया डालकर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। खुले तारों में करंट उतरने की वजह से पहले भी कई मवेशी इसकी चपेट में आ चुके थे, लेकिन बार-बार सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *