DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

बल्देव में खूनी संघर्ष, गोली लगने से किशोरी घायल:ईंट-पथराव और गोलीबारी के वीडियो वायरल, पुलिस ने सख्ती बढ़ाई

मथुरा के बल्देव थाना क्षेत्र में पंचायत चुनाव से पहले गांवों में सियासी रंजिश और तनाव खुलकर सामने आ रहा है। बल्देव के नगला भूड़ा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली बात पर शुरू हुआ यह मामला लाठी-डंडों, ईंट-पथराव और फायरिंग तक पहुंच गया। इस घटना में एक किशोरी गोली लगने से घायल हो गई, जबकि एक ही पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को मथुरा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, नगला भूड़ा गांव में वर्तमान प्रधान कृष्ण कुमार हैं, जबकि पास में भगवान सिंह का परिवार रहता है। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि प्रधान पक्ष के एक व्यक्ति ने भगवान सिंह के परिवार की महिला पर छींटाकशी की, जिसका विरोध करने पर प्रधान पक्ष ने कथित तौर पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और ईंट-पथराव शुरू हो गया। अचानक हुए इस संघर्ष से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि प्रधान पक्ष की ओर से लाइसेंसी असलहे से फायरिंग की गई, जिसमें अमर सिंह की पुत्री सोनिया गंभीर रूप से घायल हो गई। मारपीट और पथराव में वीरेंद्र, वीरपाल, दिनेश, कुलदीप, दीपक सहित अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के दौरान हुए ईंट-पथराव और फायरिंग के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में कुछ लोग खुलेआम पथराव करते हुए और दो युवक हाथों में हथियार लेकर फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। सूचना मिलने पर सीओ संजीव राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं और पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति शांत है, लेकिन पुलिस सतर्कता बनाए हुए है।


https://ift.tt/vH8G0jd

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *