DniNews.Live

मिल्कीपुर में नया उप निबंधक कार्यालय अभी तक तैयार नहीं:2.28 करोड़ की लागत से बन रहा, 31 मार्च 2026 तक समय सीमा थी

अयोध्या जिले के मिल्कीपुर में 2.28 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बन रहे नए उप निबंधक कार्यालय भवन को अपनी निर्धारित समय सीमा 31 मार्च 2026 तक पूरा नहीं किया जा सका। यह कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसका निर्माण कार्य आवास विकास परिषद की इकाई-चार द्वारा किया जा रहा है। वर्तमान में मिल्कीपुर का उप निबंधक कार्यालय सिंचाई विभाग के अस्थायी भवन में संचालित हो रहा है। यहां पहुंचना और सुविधाएं दोनों ही सीमित हैं, जिससे स्थानीय लोगों को पिछले कई वर्षों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह कार्यालय पिछले 31 वर्षों से इसी अस्थायी व्यवस्था में चल रहा है। नए भवन का निर्माण कार्य 11 सितंबर 2024 को शुरू हुआ था। निर्माणाधीन परिसर में ट्यूबवेल, पंप रूम, एमएस गेट, टॉयलेट ब्लॉक, कैंटीन, शेड, सोलर जनरेटर सिस्टम, आंतरिक ड्रेन, स्टॉर्म वाटर ड्रेन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। इसका उद्देश्य कार्यालय को सुविधाजनक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है। उप निबंधक मिल्कीपुर संजय यादव ने बताया कि कार्यालय को 1 अप्रैल 2026 से नए भवन में स्थानांतरित किया जाना था। निर्माण एजेंसी ने भवन को 31 मार्च तक विभाग को सौंपने का समय लिया था, लेकिन यह समय सीमा समाप्त हो गई और भवन अभी तक पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया है। इनायतनगर में 1995 में तहसील मिल्कीपुर के निर्माण के बाद से उप निबंधक कार्यालय तहसील परिसर के बगल स्थित सिंचाई विभाग के भवन में संचालित किया जा रहा था। दोनों विभागों में समन्वय न होने के कारण लोगों को अक्सर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कार्यालय तक जाने वाला रास्ता साल भर कीचड़ से भरा रहता है, और धूप या बरसात से बचाव के लिए कोई व्यवस्था नहीं है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *