हरदोई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की त्वरित विकास योजना के तहत जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को शासन से मंजूरी मिल गई है। इसके तहत दो सांसद, आठ विधायक और एक एमएलसी द्वारा भेजे गए लगभग 55 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। स्वीकृत प्रस्ताव भेजने वाले जनप्रतिनिधियों में सांसद जयप्रकाश रावत और अशोक रावत शामिल हैं। विधायकों में राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल, रजनी तिवारी, माधवेंद्र प्रताप सिंह, आशीष सिंह आशू, रामपाल वर्मा, प्रभाष कुमार, अलका सिंह अर्कवंशी और श्याम प्रकाश के नाम हैं। एमएलसी अशोक अग्रवाल के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली है। जिलाधिकारी अनुनय झा के विशेष प्रयासों से ये सभी प्रस्ताव अल्प समय में एकत्र कर शासन को भेजे गए थे, जिन्हें अब मंजूरी मिल चुकी है। इस स्वीकृति के बाद जिले में बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों को तेजी से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। स्वीकृत प्रस्तावों में मुख्य रूप से सड़कों का डामरीकरण, इंटरलॉकिंग और सीसी मार्गों का निर्माण शामिल है। विधायक श्याम प्रकाश द्वारा भड़ायल गांव में बारात घर के निर्माण का प्रस्ताव भी इसमें शामिल है, जिससे स्थानीय निवासियों को सामाजिक आयोजनों में सुविधा मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, बजट आवंटन की प्रक्रिया पूरी होते ही सभी कार्य धरातल पर शुरू कर दिए जाएंगे। इन कार्यों से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply