शामली के कस्बा जलालाबाद स्थित अल्पाइन पब्लिक स्कूल में ग्रेजुएशन डे समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेधावी छात्रों को उनके माता-पिता के साथ मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री नितिन गर्ग, श्री कमल गर्ग, श्री आशीष सिंघल, श्री विनीत बंसल, निदेशक श्री अंकित गुप्ता और प्रधानाचार्या श्रीमती निर्मला मलिक द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मनोरंजन किया। समारोह का मुख्य आकर्षण यह रहा कि विद्यालय ने मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता को भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्या श्रीमती निर्मला मलिक ने प्रत्येक कक्षा के शीर्ष तीन विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। बच्चों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों, माता-पिता और विद्यालय के सकारात्मक वातावरण को दिया। विद्यालय के निदेशक श्री अंकित गुप्ता ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सभी निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करें, क्योंकि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से ही सफलता मिलती है। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्या श्रीमती निर्मला मलिक ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को इस सफलता का आधार बताया। प्रबंधकगण ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में अंजू मैम, एकता मैम, प्रज्ञा मैम, मीनाक्षी मैम, मानसी मैम, इंशा मैम, प्रमोद सर, नूतन मैम सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Leave a Reply