हसनपुर में नवरात्रि के दूसरे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़:भक्तों ने की मां ब्रह्मचारिणी की पूजा, सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
अमरोहा के हसनपुर में शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की गई। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मंदिरों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया। मां ब्रह्मचारिणी ज्ञान, तपस्या और वैराग्य की देवी मानी जाती हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार, मां पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए हजारों वर्षों तक कठोर तपस्या की। अन्न-जल का त्याग कर तप करने के कारण उन्हें ब्रह्मचारिणी नाम मिला। मां ब्रह्मचारिणी का स्वरूप सरल और सौम्य है। वे सफेद वस्त्र धारण करती हैं। उनके एक हाथ में अष्टदल की माला और दूसरे में कमंडल है। मान्यता है कि उनकी पूजा से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। साथ ही जीवन की बाधाएं दूर होती हैं। हसनपुर तहसील के सैदनगली, ढबारसी, उझारी, रहरा और आदमपुर सहित कई ग्रामीण इलाकों में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और सुख-शांति की कामना की।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply