कन्नौज के दुर्गा पंडाल के मंच पर बच्चों का धमाल:सन्मार्ग पंडाल में स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देर रात तक लगी रही भीड़

कन्नौज के सन्मार्ग पंडाल में सोमवार रात सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। यहां नन्हें-मुन्नों बच्चों ने धार्मिक गानों और भजनों पर जमकर धमाल मचाया। बच्चों के कार्यक्रम देखने के लिए नवरात्र के पहले ही दिन पंडाल में महिलाओं की भारी भीड़ जुटी। शहर के एसबीएस इंटर कॉलेज के खेल मैदान में भव्य दुर्गा पंडाल सजाया गया। यहां लगातार 30 वर्षों से माता रानी का भव्य दरबार लगता है। सोमवार को नवरात्र के पहले ही दिन रात 9 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें छोटे-छोटे स्कूली बच्चों ने प्रतिभाग किया। यहां लायन्स विद्या मंदिर के छात्र कैशिक ने केसरी के लाल गाने पर डांस किया। इसी तरह सेठ चन्द्रगुप्त शिक्षा निकेतन में पढ़ने वाली बच्चियों वंशिका, गौरी, माही, हर्षाली ने मोहे नचना मोहन दे नाल गाने पर ग्रुप में शानदार प्रस्तुति दी। इसी तरह अनु कटियार, मान्या, वर्षा, रिया, उत्कर्ष, मानवी, श्रेया, पूजा, वैष्णवी, महक, मनस्वी समेत तमाम बच्चों ने मंच पर अपना-अपना हुनर दिखाया। देर रात तक चले बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए सन्मार्ग पंडाल में महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ी। यहां शाम 8:30 बजे माता रानी की भव्य आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम कराए गए। यहां हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। नवरात्र के आखिरी दिन विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर