सोनभद्र में कोर्ट के आदेश पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने छतेहरी गांव निवासी पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। उन पर लोक निर्माण विभाग के कार्यों में अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप है। यह कार्रवाई नगर के पीडब्ल्यूडी कॉलोनी निवासी बलदेव सिंह की शिकायत पर की गई है। बलदेव सिंह सिविल कंस्ट्रक्शन का कार्य करते हैं। आरोपी सूर्य प्रताप सिंह उर्फ पिंटू अपने पिता आनंद प्रताप सिंह के साथ अपनी फर्म मेसर्स आनंद प्रताप सिंह का काम देखते हैं। ठेकेदारी में साझेदारी का प्रस्ताव दिया पीड़ित बलदेव सिंह के अनुसार, सूर्य प्रताप सिंह ने अपने पिता के साथ मिलकर उन्हें ठेकेदारी में साझेदारी का प्रस्ताव दिया और अच्छे मुनाफे का भरोसा दिलाया। वर्ष 2020 में लोक निर्माण विभाग में बड़े पैमाने पर निविदाएं आमंत्रित की गईं, जिसमें बलदेव सिंह ने अपनी फर्म मेसर्स बलदेव सिंह के साथ भाग लिया। काम मिलने के बाद बलदेव सिंह ने सूर्य प्रताप सिंह और उनके पिता को अपना भागीदार बना लिया। आरोप है कि दोनों ने बलदेव सिंह से ठेकेदारी में 1 करोड़ 14 लाख 95 हजार रुपए का निवेश कराया। सिक्योरिटी के तौर पर बलदेव सिंह ने उन्हें कुल पांच सादे चेक धरोहर के रूप में दिए थे। यह तय हुआ था कि इन चेकों को किसी भी स्थिति में बैंक में भुगतान के लिए प्रस्तुत नहीं किया जाएगा। हालांकि,आरोप है कि पिता-पुत्र ने बलदेव सिंह के साथ छल करते हुए इन सादे चेकों पर स्वयं सूर्य प्रताप सिंह का नाम अंकित कर मनमानी रकम भर दी और उन्हें बैंक में जमा कर दिया। बाद में दोनों आरोपियों ने बलदेव सिंह को नोटिस भी भेजी। इस धोखाधड़ी की जानकारी होने पर बलदेव सिंह ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस से शिकायत की और न्याय की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद थक-हारकर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने पिता-पुत्र आनंद प्रताप सिंह और सूर्य प्रताप सिंह उर्फ पिंटू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल माधव सिंह ने बताया न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
https://ift.tt/qHk1nug
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply