2016 बैच के आईपीएस अधिकारी इलामारन को मऊ पुलिस लाइन में विदाई दी गई। उन्हें एटा जनपद का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया गया है। मऊ में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जनविश्वास स्थापित करने का कार्य किया। मंगलवार को मऊ पुलिस लाइन में उनके स्थानांतरण पर एक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उन्हें विदाई दी और उनके कार्यकाल की सराहना की। इलामारन को एटा जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पद पर स्थानांतरित किया गया है। यह पदोन्नति के साथ मिली नई जिम्मेदारी है। तमिलनाडु मूल के यूपी कैडर के अधिकारी इलामारन ने मऊ जैसे संवेदनशील जिले में कानून-व्यवस्था को संभाला। उन्होंने 17 फरवरी 2024 को मऊ में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण में सफलता मिली। इलामारन अपनी “मोरल पुलिसिंग” और जनता से सीधे संवाद के लिए जाने जाते थे। वे बाजारों में पैदल घूमकर आम लोगों से मिलते थे और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास करते थे। उनके कार्यकाल में भारत मिलाप, दुर्गा पूजा और ईद जैसे प्रमुख त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। शीतला मंदिर चोरी, लूट और ब्लाइंड मर्डर जैसे जटिल आपराधिक मामलों का सफल अनावरण भी उनकी उपलब्धियों में शामिल है। इलामारन स्वयं 12 से 18 घंटे तक ड्यूटी करते हुए अपने अधीनस्थों का मनोबल बढ़ाते थे। उनके व्यक्तित्व में अनुशासन और संवेदनशीलता का संतुलन देखा गया।

Leave a Reply