फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र के ग्राम मिलक में एक युवक का शव भट्टे के सामने मिला। मृतक की पहचान थाना रामगढ़ के सैलई निवासी चंदन पुत्र महेश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7 बजे कुछ लोग चंदन को उसके घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसका शव ग्राम मिलक स्थित भट्टे के सामने पड़ा मिला। घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु के सही समय और कारणों का पता चल सकेगा। मृतक के परिजनों ने जानुडी गांव के कुछ लोगों पर चंदन की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चंदन को घर से बुलाकर ले जाया गया था और उसकी हत्या कर दी गई। परिजन कर रहे न्याय की मांग इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply