DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

पुलिस ने 2025 में 15 बदमाशों का एनकाउंटर कर पकड़ा:देवरिया में साल भर अपराध नियंत्रण के लिए चला अभियान, गैंगस्टर पर कार्रवाई हुई

देवरिया में वर्ष 2025 देवरिया पुलिस के लिए चुनौतियों और कड़े अभियानों से भरा रहा। अपराध नियंत्रण के लिए पूरे साल चले अभियान के दौरान पुलिस की बदमाशों से एक दर्जन से अधिक मुठभेड़ हुईं, जिनमें 15 अपराधियों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। चोरी, लूट, तस्करी और हत्या जैसे मामलों में पुलिस दिन-रात सड़कों पर मुस्तैद रही और कई बड़े मामलों का खुलासा किया। जनवरी से दिसंबर 2025 तक देवरिया पुलिस लगातार सक्रिय रही। इस दौरान जिले के साथ-साथ आधा दर्जन अन्य जिलों के लोकसभा चुनाव भी सकुशल संपन्न कराए गए। पुलिस की सतर्कता के बावजूद अपराध की घटनाएं सामने आती रहीं, लेकिन अधिकांश मामलों में पुलिस ने समय रहते खुलासा कर अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया। मदनपुर और एकौना हत्याकांड बने बड़ी चुनौती वर्ष 2025 में मदनपुर और एकौना हत्याकांड पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित हुए। इन मामलों ने जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए, हालांकि पुलिस ने लगातार दबिश और कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। 15 बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार जिले में वर्ष 2025 के दौरान 12 से अधिक मुठभेड़ों में 15 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। सभी बदमाशों के पैरों में गोली लगी थी। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपराधियों के मनोबल को तोड़ने में प्रभावी रही। गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के 22 थाना क्षेत्रों में गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब 40 मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें 150 अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। साथ ही फरार और इनाम घोषित दर्जनों अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनमें 50 हजार से लेकर 5 हजार रुपये तक के इनामी बदमाश शामिल थे। 74 हिस्ट्रीशीटरों पर कसी नकेल अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वर्ष 2025 में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 74 अपराधियों के खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोली गई। इन सभी की निरंतर निगरानी की जा रही है। गुंडा एक्ट और जिलाबदर की कार्रवाई जिले के 22 थाना क्षेत्रों में गुंडा एक्ट के तहत 500 अपराधियों का चालान किया गया, जबकि 39 अभियुक्तों को जिला बदर किया गया। इससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा रहा। चर्चित हत्याकांड और सनसनीखेज घटनाएं वर्ष 2025 में देवरिया जिले में कई जघन्य हत्याकांड सामने आए। इन मामलों ने जिले को दहला दिया, हालांकि पुलिस ने अधिकांश मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया। अवैध कारोबार पर चला विशेष अभियान पुलिस ने बिहार बॉर्डर सहित सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान करोड़ों रुपये की अवैध शराब बरामद की गई और दर्जनों तस्करों को जेल भेजा गया। गोवध अधिनियम के तहत 100 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 420 पशु बरामद किए गए। अवैध असलहों के खिलाफ कार्रवाई शस्त्र अधिनियम के तहत करीब 150 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से रायफल, पिस्टल, तमंचे, चाकू और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साइबर सेल की बड़ी सफलता साइबर सेल ने वर्ष 2025 में 400 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई। इसके साथ ही जालसाजों से पीड़ितों के खातों में लगभग 70 लाख रुपये वापस कराए गए। अलग-अलग मामलों में 80 अपराधियों को न्यायालय से सजा भी दिलाई गई। त्रिनेत्र अभियान को मिली रफ्तार एडीजी गोरखपुर के निर्देश पर जिले में त्रिनेत्र अभियान को गति दी गई। गांवों, कस्बों और चौराहों पर लोगों के सहयोग से अब तक 350 सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा चुके हैं। 2026 से विभाग को नई सौगात की उम्मीद पुलिस विभाग को उम्मीद है कि नए वर्ष में ग्रामीण कोतवाली और तरकुलवा में सीओ सर्किल की स्थापना को मंजूरी मिल सकती है। इसके अलावा 150 पुरुष कर्मियों और 90 निरीक्षक व उपनिरीक्षक स्तर के कर्मियों के लिए बहुमंजिला हॉस्टल निर्माणाधीन हैं। बरियारपुर, महुआडीह, श्रीरामपुर और सुरौली थानों के नए भवनों का कार्य भी तेजी से चल रहा है। कुल मिलाकर, वर्ष 2025 देवरिया पुलिस के लिए संघर्ष, सख्ती और उपलब्धियों का साल रहा, जिसमें अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास जारी रहा।


https://ift.tt/MKVvSa1

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *