अयोध्या में पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सर्दी, जुखाम, बुखार, सर्वाइकल, लूज मोशन सहित कई तरह की बीमारियों से ग्रसित लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। बारिश के बाद जहां कुछ दिनों तक मौसम ठंडा हो गया था, वहीं अब तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम हल्की ठंड रहती है, जबकि रात में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। इस बदलते मौसम का सबसे अधिक असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल और सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज में मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष कुमार सिंह के अनुसार, इस समय सर्दी-जुखाम और बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या ज्यादा है। साथ ही लूज मोशन के भी मामले सामने आ रहे हैं। गंभीर स्थिति वाले बच्चों को जांच के बाद अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। वहीं, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण बरनवाल ने बताया कि इन दिनों कमर दर्द, जोड़ दर्द और सर्वाइकल की शिकायत लेकर मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। गंभीर मरीजों को भर्ती किया जा रहा है, जबकि जरूरत पड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर भी किया जा रहा है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. रवि पाण्डेय ने बताया कि अस्पताल में सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं और मरीजों का समुचित इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तापमान में हो रहे लगातार बदलाव से अस्थमा और श्वास रोगियों की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। चिकित्सकों ने लोगों से बदलते मौसम में खान-पान और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखने, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित रखने तथा किसी भी लक्षण के दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की है।

Leave a Reply