हरदोई के बिलग्राम थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब 3:30 में अनियंत्रित कार दुर्घटना का शिकार हो गयी, जिसमें कार चालक अफजल (30) की मौत हो गई। यह हादसा माधौगंज-बिलग्राम मार्ग पर सेखवापुर गांव के पास हुआ, जहां उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रहुला गांव निवासी अफजल पुत्र जमील खान अपनी कार से बिलग्राम से माधौगंज होते हुए बालामऊ की ओर जा रहे थे। रास्ते में सेखवापुर के पास अचानक उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया। इससे पहले कि वह वाहन को संभाल पाते, कार तेज गति में सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अफजल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही बिलग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से अफजल को बाहर निकाला और तत्काल उन्हें उपचार के लिए माधौगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अरुण मोहन ने जांच के बाद अफजल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply