DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सरदार@150 एकता पदयात्रा का होगा आयोजन:प्रभारी मंत्री औलख बोले- राष्ट्रीय एकता-आत्मनिर्भर भारत लक्ष्य

पीलीभीत में “सरदार@150 एकता पदयात्रा” की तैयारियों को लेकर रविवार को एक जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह पदयात्रा लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर निकाली जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जनपद के प्रभारी मंत्री और कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने की। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हुई इस बैठक में जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, विवेक वर्मा और बाबूराम पासवान उपस्थित रहे। इनके अलावा, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र श्रीवास, एडीएम ऋतु पुनिया, सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। प्रभारी मंत्री औलख ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस दृढ़ इच्छाशक्ति और एकता की भावना से देश को एक सूत्र में पिरोया था, वही प्रेरणा “सरदार@150 एकता पदयात्रा” के माध्यम से युवाओं में जागृत की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पदयात्रा के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यह अभियान युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, मेरा युवा भारत (My Yuva Bharat) और उत्तर प्रदेश के युवा कल्याण विभाग के सहयोग से संचालित हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” विजन से प्रेरित यह पहल युवाओं में राष्ट्रीय एकता, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की भावना को सशक्त करने का लक्ष्य रखती है। इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ 6 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा My Yuva Bharat पोर्टल पर किया गया था। इसके तहत सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन और “सरदार@150 यंग लीडर्स प्रोग्राम” जैसी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। अभियान का पहला चरण 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक जनपदों में आयोजित किया जाएगा। इसमें ब्लॉक स्तर पर 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्राएँ शामिल होंगी। पदयात्रा से पहले विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध, वाद-विवाद, क्विज़, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान का दूसरा चरण 26 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 तक चलेगा, जिसका समापन गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर होगा। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री औलख, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने “सरदार@150 एकता पदयात्रा” का पोस्टर विमोचन किया।


https://ift.tt/F5N1RVg

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *