DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

2025 में आपदा ने उत्तराखंड को पहुंचाया नुकसान:भालू-गुलदार ने किया परेशान, धर्मातंरण पर बना सख्त कानून, जानिए इस साल और क्या खास रहा

उत्तराखंड के लिए साल 2025 फैसलों, घटनाओं और आपदाओं से भरा रहा। समान नागरिक संहिता और नया भू-कानून लागू होने से लेकर नगर निकाय व पंचायत चुनावों तक, राज्य की राजनीति और नीति दोनों ने नई दिशा ली। रजत जयंती वर्ष में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का दौरा भी प्रदेश के लिए खास रहा। लेकिन 2025 सिर्फ उपलब्धियों का साल नहीं रहा। धराली, थराली और देहरादून में आई आपदाओं ने भारी तबाही मचाई, चारधाम यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टर हादसों में कई लोगों की जान गई। UKSSSC पेपर लीक, अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के दावों और मंत्रियों के विवादों ने सरकार की मुश्किलें बढ़ाईं। नया साल 2026 आने से पहले, हम उन बड़े घटनाक्रमों पर नजर डाल रहे हैं जिन्होंने 2025 में उत्तराखंड की राजनीति, प्रशासन और समाज को सबसे ज्यादा प्रभावित किया। 1. वन्यजीव हमले 2025 में उत्तराखंड में जंगली जानवरों के 547 हमले दर्ज हुए। 2024 के मुकाबले 31 प्रतिशत अधिक हमले हुए। पौड़ी, चमोली, अल्मोड़ा, रामनगर सहित कई पहाड़ी इलाकों में भालू और गुलदार ने कई बच्चों और महिलाओं पर हमले किए, जिसमें कई लोगों को जान गंवानी पड़ी। 2. अंकिता भंडारी हत्याकांड अगस्त 2019 में हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड के तीन आरोपी पुलकित आर्य, सौरभ भाष्कर और अंकित को कोटद्वार कोर्ट ने 29 मई को उम्रकैद की सजा सुनाई। आरोपियों ने अपनी जमानत के लिए अपनी हाईकोर्ट में अपील की, जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया। सजा से असंतुष्ठ अंकिता के परिजनों ने आरोपियों के विरुद्ध फांसी की सजा के लिए हाईकोर्ट में गुहार लगाई। दिसंबर में हरिद्वार के ज्वालापुर से पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर ने हत्याकांड से जुड़े कुछ ऑडियो वायरल किए। ऑडियो में हत्याकांड में कई और लोगों के नाम सामने आए। ऑडियो के बाहर आते ही प्रदेश में घमासान मच गया। कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया और कई दिनों तक बवाल हुआ। 3. रजत जयंती राज्य स्थापना दिवस पर पहुंची राष्ट्रपति उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पहुंची। राष्ट्रपति ने 3 नवंबर को देहरादून में विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित कर राज्य की प्राकृतिक संपदा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य में प्रगति और सैन्य परंपरा की सराहना की। उन्होंने ‘विकसित उत्तराखंड’ के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया, विधायी पारदर्शिता और युवा विकास पर जोर दिया और राज्य को देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। 4. रजत जयंती स्थापना दिवस पहुंचे पीएम मोदी उत्तराखंड के स्थापना दिवस कार्यक्रम पर 9 नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी ने ₹8,140 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों व शहीद परिवारों का सम्मान किया। उन्होंने राज्य को ‘विकसित उत्तराखंड’ बनाने का संकल्प दोहराया, जिसमें पर्यटन, खेल और डिजिटल शिक्षा पर विशेष जोर दिया। पीएम ने वोकल फॉर लोकल अभियान के तहत 15 कृषि उत्पादों को जीआई टैग मिलने पर खुशी जताई और किसानों के बैंक खातों में सीधे ₹62 करोड़ की वित्तीय सहायता हस्तांतरित की। उन्होंने 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया। 5. धराली आपदा उत्तरकाशी जिले में 5 अगस्त को एक विनाशकारी प्राकृतिक आपदा आई। अचानक तेज बारिश के साथ बादल फटने से खीरगंगा नदी उफान पर आ गई। नदी के उफान और पहाड़ी ढलानों से मलबा, पत्थर और मिट्टी नीचे गिरने लगी, जिससे पूरा क्षेत्र 25-30 फीट तक मलबे और कीचड़ में दब गया। धराली बाजार, कई घर, 30-35 होटल और होमस्टे तबाह हो गए, ऐतिहासिक कल्प केदार मंदिर भी मलबे के नीचे समा गया। आपदा में 100 से अधिक लोग लापता होकर मौत के मुंह में चले गए। धराली जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे राहत-बचाव टीम को पहुंचने में कई दिन लगे। 6. थराली आपदा चमोली जिले के थराली कस्बे में 22-23 अगस्त की रात को बादल फटने और भारी बारिश के कारण एक विनाशकारी प्राकृतिक आपदा आई। आपदा में कई घर, दुकानें मलबे में दब गईं, गाड़ियां बह गई और कई लोग लापता व घायल हुए। 7. देहरादून आपदा देहरादून में 15-16 सितंबर की रात को देहरादून के मालदेवता, सहस्रधारा और इससे ऊपर बसे इलाकों में भारी बारिश और बादल फटने से आपदा आई। आपदा में 13 से अधिक लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। आपदा के कारण देहरादून से सहस्रधारा और मालदेवता जाने वाले क्षेत्रों के सड़क मार्ग पानी के सैलाब में बह गए। देहरादून से शहर के लिए आने वाली कई पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई, जिससे शहर में कई दिनों तक पानी की भारी किल्लत रही। 8. समान नागरिक संहिता (UCC) उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता UCC 27 जनवरी से लागू हुई। उत्तराखंड UCC लागू करने वाला पहला राज्य बना। इसमें विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और विरासत जैसे व्यक्तिगत मामलों में सभी नागरिकों के लिए समान कानून सुनिश्चित किया गया। अनुसूचित जनजातियों को छोड़कर। इसका उद्देश्य व्यक्तिगत कानूनों का मानकीकरण करके लैंगिक समानता और समावेशिता लाना रहा। इसमें विवाह और लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण अनिवार्य, बहुविवाह पर प्रतिबंध और समान तलाक के अधिकार, संपत्ति और विरासत में बेटे-बेटियों को समान अधिकार, विवाह की न्यूनतम आयु समान करना था। 9. नगर निकाय चुनाव उत्तराखंड में नगर निकाय-2025 चुनाव 23 जनवरी को हुए। राज्य के 11 नगर निगम, 43 नगर पालिका परिषद और 46 नगर पंचायतों के लिए सदस्य चुने गए। नगर निगम चुनावों में कुल 5,405 उम्मीदवार मैदान में थे, जिसमें 72 उम्मीदवार 11 महापौर पदों के लिए थे। 445 उम्मीदवार नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पदों के लिए और 4,888 नगर पार्षदों एवं सदस्यों पद के लिए चुनाव लड़े। कुल मतदान प्रतिशत 65.4 रहा। 25 जनवरी को चुनाव का परिणाम घोषित हुआ, जिसमें भाजपा ने महापौर के 11 पदों में से 10 में जीत दर्ज की। 10. पंचायत चुनाव उत्तराखंड में पंचायत चुनाव दो चरण 24 जुलाई और 28 जुलाई को हुए। हरिद्वार को छोड़कर प्रदेश के 12 जिलों के 89 विकास खंडों में 7,499 ग्राम पंचायतों में प्रधान के चुनाव के लिए वोट डाले गए। 55,587 ग्राम पंचायत सदस्यों का भी चुनाव हुआ। क्षेत्र पंचायत सदस्य के 2,974 पदों के लिए भी चुनाव हुए। पंचायत चुनाव प्रतिशत 69.16 रहा। 11. चौखुटिया आंदोलन अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के विरुद्ध दो अक्टूबर 2025 में शुरू हुआ एक जनआंदोलन। स्थानीय लोगों ने बेहतर चिकित्सा सुविधा, पर्याप्त स्टाफ और उपकरणों की मांग को लेकर 300 किलोमीटर पैदल मार्च कर देहरादून पहुंच गए। लोगों की मांग पर सरकार ने CHC को उप-जिला अस्पताल में अपग्रेड करने और अतिरिक्त डॉक्टर तैनात करने की बात की। 12. भू-कानून उत्तराखंड में नया भू-कानून 21 फरवरी को लागू हुआ। कानून के तहत हरिद्वार और उधम सिंह नगर को छोड़कर, राज्य के 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी लोगों द्वारा कृषि भूमि की खरीद पर रोक लगा। आवासीय भूमि की अधिकतम सीमा 250 वर्ग मीटर तय की गई, ताकि राज्य की सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण सुरक्षित रहे और भूमि की अंधाधुंध खरीद पर रोक लगे। 13. UKSSSC पेपर लीक उत्तराखंड में 21 सितंबर को हरिद्वार के बहारदाबाद सेंटर से UKSSSC परीक्षा का पेपर लीक हुआ। मामले में मुख्य आरोपी एवं अभ्यर्थी खालिद मलिक, उसकी बहन साबिया और पौड़ी की प्रोफेसर सुमन गिरफ्तार हुई। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित हुई लेकिन बेरोजगार संघ और युवा इससे असंतुष्ट हुए और उन्होंने कई दिनों तक क्रमिक प्रदर्शन किया। युवाओं की मांग पर सीएम को मामले की जांच के लिए सीबीआई को देनी पड़ी। 14. अंतरराष्ट्रीय उत्तराखंड प्रवासी सम्मेलन उत्तराखंड सरकार ने विदेश और देश के अन्य राज्यों में बसे प्रवासियों को एक मंच पर लाने के लिए 12 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय उत्तराखंड प्रवासी सम्मेलन कराया। सम्मेलन में 17 देशों से प्रवासी शामिल हुए और निवेश व विकास पर चर्चा हुई। प्रवासी उत्तराखंड परिषद बनाने की घोषणा भी हुई। इसमें 11 राज्यों से 199 प्रवासी राजनेता, कलाकार, ब्यूरोक्रेट शामिल हुए और राज्य के विकास यात्रा पर चर्चा हुई। 15. ABVP का 71वां राष्ट्रीय अधिवेशन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ABVP का 71वां राष्ट्रीय अधिवेशन 28 से 30 नवंबर को देहरादून में हुआ। अधिवेशन में शिक्षा, बांग्लादेशी घुसपैठ, प्राकृतिक आपदा, विभाजनकारी ताकतें और सामाजिक परिवर्तन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम जैसे नए अभियान शुरू करने की घोषणा हुई। अधिवेशन में मुख्य अतिथि के तौर पर इसरो के पूर्व अध्यक्ष एस. सोमनाथ और सीएम पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। डॉ. रघुराज किशोर तिवारी एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी राष्ट्रीय महामंत्री चुने गए। 16. राष्ट्रपति निकेतन देहरादून स्थित राजपुर रोड में राष्ट्रपति निकेतन 24 जून को जनता के लिए खोला गया। राष्ट्रपति निकेतन 186 वर्ष पुराना है और 21 एकड़ में फैला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति निकेतन का उद्घाटन किया। इसमें राष्ट्रपति उद्यान और राष्ट्रपति तपोवन, आशियाना भवन, अस्तबल, लीची और आम के बाग शामिल हैं। यहां पैदल मार्ग, लकड़ी के पुल और पक्षी देखने के लिए मचान हैं, जो ध्यान और शांति के लिए बेहतरीन हैं। 17. चारधाम यात्रा में हादसे 30 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में पांच हेलिकॉप्टर हादसे हुए, जिसमें 13 लोगों की मौत हुई। 15 जून को गौरीकुंड में हुए हेलिकॉप्टर हादसे में पायलट समेत 7 लोगों की मौत हुई। 8 मई को उत्तरकाशी जिले में गंगनानी के पास हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें पायलट समेत छह लोगों की मौत हुई। 7 जून को बड़ासू हेलीपैड से केदारनाथ धाम हेलीपैड के लिए उड़ान भरते हुए हाईवे पर क्रैश लैंडिंग हुई, हेलिकॉप्टर में पायलट समेत 7 लोग सवार थे। 13 मई को भी चारधाम यात्रा संचालित हेलिकॉप्टर दुर्घटना का शिकार होने से बचा था। 17 मई को भी केदारनाथ में एक हेलिकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग हुई थी। यह हेलिकॉप्टर केदारनाथ से एम्स ऋषिकेश जा रहा था। 18. देहरादून में सैन्य धाम देहरादून में देश के पहले सैन्य धाम का निर्माण गुनियाल गांव में हुआ। शहीदों के सम्मान के लिए समर्पित धाम में 1,734 शहीदों की मिट्टी और 28 नदियों का जल शामिल है। धाम में शहीदों के शौर्य और गौरवशाली इतिहास को संजोया गया। इसमें लाइट एंड साउंड शो, म्यूजियम, ऑडिटोरियम और सैन्य उपकरण जैसे टैंक, जहाज इत्यादि शामिल हैं। यह लगभग 91 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ। धाम में जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा और अन्य सैन्य उपकरण के साथ-साथ बाबा हरभजन सिंह और बाबा जसवंत सिंह के मंदिर भी बनाए गए। 19. प्रेमचंद अग्रवाल विवाद उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री रहे प्रेमचंद अग्रवाल को पहाड़ी, देसी शब्द पर की गई टिप्पणी के विरोध के चलते 16 मार्च को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। फरवरी 2025 में विधानसभा में पहाड़ी लोगों और ‘देसी’ शब्द पर उन्होंने विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद भारी बवाल मचा और उनके इस्तीफे की मांग हुई। 2017-2022 में अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान विधानसभा सचिवालय में हुई नियुक्तियों और एक वीडियो में एक युवक से हाथापाई को लेकर भी प्रेमचंद विवादों में रहे। 20. चंपावत स्पोर्ट्स कॉलेज चंपावत के लोहाघाट के छमनिया में मार्च में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की नींव रखी गई। महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें गोल्ड मेडल लाने के लिए 256 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा कॉलेज। इसमें महिलाओं के पढ़ाई के साथ-साथ खेल के प्रति भी प्रशिक्षित किया जाएगा। 21. गणेश गोदियाल को प्रदेश अध्यक्ष की कमान 11 नवंबर को कांग्रेस ने अपनी नई कार्यकारिणी का गठन कर गणेश गोदियाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। गोदियाल 2002 में थलीसैंण विधानसभा से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने थे। चुनाव गोदियाल ने भाजपा के कद्दावर नेता रमेश पोखरियाल निशंक को हराया था। 22. धर्मांतरण विरोधी कानून उत्तराखंड में 2018 में बने धर्मांतरण विरोधी कानून में अगस्त 2025 में संशोधन हुए। संशोधन में जबरन धर्मांतरण पर अधिकतम आजीवन कारावास 20 साल तक और 10 लाख तक जुर्माने का प्रावधान किया गया। 23. LUCC घोटाला साल 2019 में उत्तराखंड में छोटी-छोटी जमा योजनाओं के नाम पर लोनी अर्बन मल्टी क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी LUCC ने लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी की। सोसाइटी ने प्रदेश के कई स्थानों पर अपनी शाखाएं खोलकर लोगों को झांसे में लिया। 27 नंवबर 2025 को सीबीआई ने सोसाइटी के 46 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की। 24. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे साल 2021 में शुरू हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का काम लगभग पूरा हो चुका। जनवरी या फरवरी 2026 तक यह जनता के लिए पूरी तरह से खुल जाएगा। 1 दिसंबर 2025 से ट्रायल रन शुरू हो चुका है। इससे दून से दिल्ली के सफर का समय 6 घंटे से घटकर 2.5 घंटे का रह जाएगा। इसमें वन्यजीवों के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर और अंडरपास भी हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का निर्माण करीब 13 हजार करोड़ रुपए से हुआ। 25. ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन 2019 में शुरू हुआ ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना में लगभग 95% सुरंगों की खुदाई पूरी हो चुकी है। 213 किमी में से 199 किमी सुरंगों की खुदाई हो चुकी। वीरभद्र और योगनगरी ऋषिकेश के स्टेशन तैयार हैं। शिवपुरी व व्यासी स्टेशन में काम जारी है। देवप्रयाग, श्रीनगर और कर्णप्रयाग जैसे स्टेशनों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। 2028 तक परियोजना का कार्य पूरा हो जाएगा।


https://ift.tt/JxkFNVM

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *