DniNews.Live

BJP विधायक अनिल सिंह ने सपा पर साधा निशाना:उन्नाव में तेल आपूर्ति पर अफवाह फैलाने का लगाया आरोप

उन्नाव। वैश्विक तनाव और तेल आपूर्ति से जुड़ी अफवाहों के बीच उन्नाव की पुरवा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक अनिल सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधा है। उन्होंने सपा नेताओं पर जनता में डर और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। विधायक अनिल सिंह पुरवा विकास खंड मुख्यालय पर आयोजित केंद्र सरकार के “9 साल बेमिसाल” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि देश में गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैलाई जा रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेता अब “बेरोजगार” हो चुके हैं और उनके “दलाली के धंधे” बंद हो गए हैं, इसलिए वे अफवाहों का सहारा लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति “नाच न आवे आंगन टेढ़ा” जैसी हो गई है। विधायक अनिल सिंह ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच तनाव तथा वैश्विक स्तर पर युद्ध जैसे हालात के बावजूद भारत सरकार ने आम जनता पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दिया है। उन्होंने बताया कि तेल टैंकरों पर मिसाइल हमलों जैसी खबरों के बावजूद देश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारु बनी हुई है और कीमतों को नियंत्रित रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में किसी भी जरूरी वस्तु की कमी नहीं है और जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है। विधायक ने दावा किया कि परेशानी केवल उन लोगों को हो रही है जो कालाबाजारी और जमाखोरी के माध्यम से लाभ कमाना चाहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे लोगों पर सरकार की नजर है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला और विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें, बल्कि प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पुरवा सतीश चौधरी, ब्लॉक प्रमुख हिलौली दिलीप दीक्षित, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दीपांशु चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री डॉ. रजनीश वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष शुभम श्रीवास्तव तथा प्रधान संदीप चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *