खट्टी-मिठ्ठी यादों के साथ वर्ष 2025 विदा हो रहा है। इस साल कई ऐसी घटनाएं हुईं, जो अपने पीछे दर्द और आंसू छोड़ गईं…ऐसे जख्म दे गईं जो वक्त के साथ भी नहीं भरे। खेरागढ़ में ऊंटगन नदी में एक ही गांव के 12 युवकों की डूबकर दर्दनाक मौत की घटना ने लोगों झकझोर दिया तो खंदारी में कार सवार द्वारा 5 लोगों को रौंदने की घटना ने लोगों की रात की नींद उड़ा दी। पूरे साल ऐसी ही कई दर्दनाक हादसे और घटनाएं हुईं।
वहीं, सपा सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा राणा सांगा पर दिए गए विवादित बयान की वजह से कई दिन तक शहर गर्माया रहा। धर्मांतरण कराने वाले गैंग का खुलासा हुआ तो ड्रग माफिया ने पुलिस अधिकारियों को 2 करोड़ रिश्वत का ऑफर देकर सबको चौंका दिया। आइये अब सिलसिलेवार एक-एक कर टॉप 10 घटनाओं के बारे में जानते हैं… 1-6 दिन चला रेस्क्यू ऑपरेशन, 12 लाश निकालीं
आगरा के खेरागढ़ में ऊंटगन नदी में 2 अक्टूबर को देवी प्रतिमा विर्सजन के दौरान 13 युवक नदी में डूब गए थे। इनमें से एक युवक को घटना के कुछ देर बाद ही सकुशल निकाल लिया गया था। मगर, 12 युवकों की किस्मत ऐसी नहीं थी। नदी से इनके शवों को निकालने में 6 दिन लग गए थे। हालांकि घटना के पहले दिन 3 शवों को बाहर निकाल लिया गया था। इस तरह से शवों को ढूंढने में 6 दिन लग गए। रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस-प्रशासन के साथ ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आर्मी को लगाना पड़ा था। सभी युवक खेरागढ़ के कुसियापुरा गांव के थे। इस घटना ने सभी को झकझोर दिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रेस्क्यू ऑपरेशन पर लखनऊ से सीधी नजर रखे हुए थे। 2-रील बना रहीं 6 बहनें यमुना में डूबीं
3 जून को आगरा में यमुना नदी में नहाने गई 6 बहनों की डूबने से मौत हो गई थी। डूबने से पहले 6 बहनें मोबाइल पर रील बना रही थीं। 6 बहनों से पहले उन्हीं के परिवार के 4 चचेरे भाई यमुना नदी पर नहाने गए थे। भाइयों ने डूब रही बहनों को बचाने का प्रयास किया, मगर वह भी डूबने लगे, तो बहनों का हाथ छोड़ दिया। मौके पर ही तीन सगी और एक चचेरी बहन की मौत हो चुकी थी। दो बच्चियों को पुलिस के जवानों ने CPR दिया, तो उनकी सांस चलने लगी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मगर 3 घंटे के इलाज के बाद उनकी भी मौत हो गई।
यह घटना सिकंदरा के नगला स्वामी गांव की थी। 3-इंजीनियर ने कार से 8 रौंदा, 5 की मौत
25 अक्टूबर को न्यू आगरा थाना अंतर्गत नगला बूढ़ी में एक इंजीनियर की बेकाबू कार ने डिलीवरी बॉय सहित 8 लोगों को रौंद दिया था। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई थी। दरअसल, हादसे वाली जगह के नजदीक पुलिस चेकिंग कर रही थी। यह देखकर कार चला रहा अंशुल घबरा गया। वहां से भागने के लिए उसने स्पीड बढ़ाकर 100 से ज्यादा कर ली। उसने पहले डिलीवरी बॉय को टक्कर मारी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अंशुल फिर भी नहीं रुका। उसने 400 मीटर के दायरे में दो जगहों पर 7 और लोगों को रौंद दिया। इसमें 4 लोगों की जान चली गई। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद लोगों ने कार चालक अंशुल को पकड़ लिया था। 4- सपा सांसद रामजीलाल सुमन के घर पर हमला
सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने राज्यसभा में मार्च में राणा सांगा पर विवादित बयान दिया था। जिसके बाद करणी सेना ने विरोध जताया था। करणी सेना युवा के अध्यक्ष ओकेंद्र राणा के नेतृत्व में सैकड़ों युवा पूर्व निर्धारित समय के अनुसार, 26 मार्च को रामजीलाल सुमन के हरीपर्वत स्थित घर पर प्रदर्शन करने पहुंचे। यहां वे बेकाबू हो गए। उन्होंने सुमन के आवास पर पत्थराव कर तोड़फोड़ कर दी। इसको लेकर आगरा कई दिन तक गर्माया रहा था। सुमन के विरोध में करणी सेना यहीं नहीं रुकी। कुछ दिन बाद एत्मादपुर क्षेत्र में स्वाभिमान रैली की। जिसमें देशभर से क्षत्रिय समाज के लोग एकजुट हुए। इस रैली ने पुलिस-प्रशासन की दम फुला दी थी। कई रास्ते बंद दिए गए थे। सपा सांसद के आवास को छावनी बना दिया गया था। 5-धर्मांतरण गिरोह का ढूंढ़ा पाकिस्तान कनेक्शन
आगरा की कमिश्नरेट पुलिस ने जुलाई 2025 में धर्मांतरण के बड़े गिरोह का खुलासा किया था। सदर की दो सगी बहनों को मुक्त कराया गया। दिल्ली से लेकर कोलकाता तक दबिश दी। 14 आरोपी जेल भेजे गए। पूछताछ और तलाश में गिरोह का पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया। विदेशी फंडिंग से यूपी सहित दूसरे राज्यों के युवक और युवतियों का धर्मांतरण करने की बात सामने आई। पुलिस ने गिरोह की कमर तोड़ दी। बाद में पता चला था कि गिरोह न सिर्फ धर्मांतरण कराता है, बल्कि मानव तस्करी और अंगों की बिक्री में शामिल है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार की इसी कार्रवाई पर सीएम ने सराहना की। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में 28 दिसंबर को आगरा कमिश्नरेट के कार्यों की सराहना की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धर्मांतरण गिरोह का पर्दाफाश करने और गिरोह का पाकिस्तान कनेक्शन ढूंढ़ने पर पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार की पीठ थपथपाई। साथ ही दूसरों को भी इसी तरह कार्रवाई करने के लिए प्रेरित भी किया। 6-मिट्टी की ढाय में दबकर 4 लोगों की मौत
29 जून को फतेहपुर सीकरी के उत्तू गांव के एक ही परिवार के 10 लोग दब गए। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई थी। दरअसल, चंबल प्रोजेक्ट की पाइप लाइन डालने के लिए गड्ढा खोदा गया था। उसी गड्ढे से परिवार के लोग मिट्टी लेने गए थे। ये लोग मिट्टी भर रहे थे, इसी बीच ढाय गिर और इसमें दब गए। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया था। 7-पुलिस गिरफ्त में दवा माफिया
22 अगस्त को यूपी के आगरा में ड्रग विभाग और STF की जॉइंट टीम ने दवाओं से भरा एक टेंपो पकड़ा। टीम जांच करते-करते हे मां मेडिकल फर्म के गोदाम तक पहुंच गई। जांच चल ही रही थी कि आगरा के मशहूर दवा कारोबारी हिमांशु अग्रवाल 2 बैग में एक करोड़ कैश लेकर पहुंचा।
अफसरों के सामने 500-500 के नोट की गड्डी रखकर कार्रवाई रोकने के लिए कहा। बोला- एक करोड़ और दे दूंगा। यहीं से जॉइंट टीम को शक हो गया। एक कार्रवाई रुकवाने के लिए 2 करोड़ का ऑफर है, तो यह अवैध कारोबार कितना बड़ा होगा? इस साल की मेडिकल क्षेत्र में यह सबसे बड़ी कार्रवाई थी। 8- 300 करोड़ से ज्यादा की ठगी का खुलासा
आगरा पुलिस ने 2025 में साइबर क्राइम में सबसे बड़ी कार्रवाई की। 13 दिसंबर को 3 मामले में आगरा पुलिस ने 3 गिरोह के 32 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को पकड़ने में पुलिस की अलग-अलग टीम में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी लगे थे। गिरोह के तार विदेशों से जुडे़ हुए हैं। गैंग भोले-भाले लोगों को बहला फुसलाकर उनके खाते खुलवाते थे। फिर उन खातों का साइबर फ्रॉड की धनराशि के लिए प्रयोग करते थे। इन पर पूरे देश में 500 से ज्यादा कंपलेन थी। 5 साल में 300 करोड़ से ज्यादा की ठगी कर चुके थे। 9-आगरा में दिनदहाड़े ज्वेलर्स की गोली मारकर हत्या
2 मई को आगरा में लुटेरों ने ज्वेलर्स की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक से दो युवक आए, शोरूम के अंदर घुसे। स्टाफ से पूछा- यहां का मालिक कहां है? इसके बाद बैग निकाला। शोरूम में काम कर रही महिला कर्मचारी को गन पॉइंट पर ले लिया। लुटेरों ने खुद को घिरता देख ज्वेलर्स के सीने में गोली मार दी। शोरूम मालिक की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि घटना के कुछ दिन बाद ही आगरा पुलिस ने एक लुटेरे को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। 10-NRI महिला से 4 हजार यूएस डॉलर की लूट
4 दिसंबर को आगरा में एक NRI महिला और उनकी बेटी से बदमाशों ने 4 हजार यूएस डॉलर लूट लिए। बाइक सवार बदमाश महिला का पासपोर्ट, दो आईफोन भी लूट ले गए। महिला अपनी बेटी के साथ कार से दिल्ली जा रही थीं। रास्ते में बदमाशों ने कार ड्राइवर से टायर पंचर होने का झांसा दिया।
ड्राइवर ने करीब एक किलोमीटर आगे जाकर एक पंचर की दुकान पर गाड़ी रोकी। पीछे से आ रहे बदमाश कार के पास पहुंचे। अंदर बैठी महिला के पर्स पर झपट्टा मारा और उसे लेकर फरार हो गए। घटना ट्रांस यमुना थानाक्षेत्र के झरना नाले के पास की है। महिला अपनी बेटी के साथ जयपुर में रिश्तेदार की शादी में शामिल होने कैलिफोर्निया से आई थीं।
https://ift.tt/pWiROsd
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply