बहराइच वन प्रभाग की अब्दुल्लागंज रेंज में वन विभाग की टीम ने जानवरों का शिकार कर रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चीतल का मांस, कटे हुए अंग और शिकार में इस्तेमाल होने वाले धारदार हथियार तथा गुलेल बरामद हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई अब्दुल्लागंज रेंज के बीट संख्या 7 में गश्त के दौरान हुई। वन दरोगा सुरेश कुमार और शुभम सिंह, वन रक्षक मनोज कुमार तिवारी, सुरेश वर्मा, देव वर्मा, अवनीश कुमार तथा अंबुज पांडे की टीम शाम करीब 6 बजे गश्त कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोग जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में झोले के साथ घूमते हुए दिखाई दिए। वन विभाग की टीम ने इन संदिग्धों को रोका और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से चीतल का मांस, कटे हुए हाथ-पैर और धारदार हथियार के साथ एक गुलेल मिली। इसके बाद टीम ने सभी को तत्काल हिरासत में ले लिया। प्रभागीय वनाधिकारी राम सिंह यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए शिकारियों की पहचान राजू, खलील, कय्यूम, प्रधान, गुड्डू, मिश्रीलाल और ढोंगे के रूप में हुई है। टीम ने इनके पास से दुर्लभ वन्य जीव चीतल का लगभग पांच किलो मांस और शरीर के टुकड़े बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।
https://ift.tt/TdBWFx9
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply