जसपूरा क्षेत्र और पैलानी थाना क्षेत्र के पियासी डेरा के पास सोमवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी लोग एक तेरहवीं कार्यक्रम से लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, पैलानी थाना क्षेत्र के पियासी डेरा निवासी किरन देवी (35), समस्तपुर जिला फतेहपुर निवासी ममता (35), पूनम पुत्री मेवालाल, कालका प्रसाद (26) पुत्र मेवालाल और धनवन डेरा थाना ललौली जिला फतेहपुर निवासी संदीप (18) पुत्र लखन, सुबह चंदवारा गांव में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। सोमवार रात करीब 9 बजे ये सभी दो बाइकों से अपने गांव लौट रहे थे। पियासी डेरा के पास सामने से आ रही एक बैलगाड़ी से उनकी बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर 102 एंबुलेंस चालक जितेंद्र कुमार ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने संदीप और कालका प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। किरन देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया गया। मृतक कालका प्रसाद अपने पीछे पत्नी श्यामकली, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वहीं, संदीप अपने चार भाइयों और तीन बहनों में तीसरे नंबर पर थे और बाहर रहकर मजदूरी करते थे।

Leave a Reply