रायबरेली के मिल एरिया कोतवाली थाना क्षेत्र के मैनूपुर गांव में नाली विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के हरिवंश गुप्ता, श्रीनिवास गुप्ता और रामनिवास गुप्ता ने मिलकर शिवम मौर्य नामक युवक पर हमला कर दिया। मारपीट में शिवम पर लोहे की रॉड और ईंटों से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह नाली विवाद कई दिनों से चल रहा था। दोनों पक्षों ने इस मामले को लेकर तहसील दिवस और समाधान दिवस में भी शिकायतें दर्ज कराई थीं, लेकिन अधिकारियों द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद आज सुबह यह घटना हुई। मिल एरिया थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि नाली विवाद में शिवम मौर्य को चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष से शिकायत पत्र लेकर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply