बदायूं में एक अज्ञात युवक का शव खेत में मिला है। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह घटना फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव की है। ग्रामीणों ने एक खेत की मेड़ के पास शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया तो युवक के गले में काले कपड़े का फंदा मिला। उसके पैरों पर भी चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और पुख्ता हो गई है। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब युवक की पहचान के प्रयास में जुटी है। फैजगंज बेहटा पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से युवक की तस्वीर प्रसारित कर रही है। आसपास के थाना क्षेत्रों से भी गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply