DniNews.Live

जौनपुर में फ्लाईओवर, रिंग रोड से बदली तस्वीर:खेल राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव बोले- जौनपुर में अभी उद्योगों का विकास बाकी

जौनपुर सदर से भाजपा विधायक और प्रदेश सरकार में खेल, युवा एवं कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव से खास बातचीत की गई। उन्होंने अपने चार साल के कार्यकाल, बड़े विकास कार्यों और आने वाली योजनाओं पर खुलकर बात की। मंत्री ने अपने कामकाज को 10 में से 100 नंबर देते हुए कहा कि जौनपुर की बड़ी समस्याओं को हल करने में सफलता मिली है। दैनिक भास्कर रिपोर्टर से खास बातचीत में विधायक ने बेबाकी से सवालों के जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: पिछले 4 साल के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब : मैं अपने काम को 10 में से 100 नंबर दूंगा। जिन चुनौतियों को लेकर हमने काम शुरू किया था, वे जौनपुर की सबसे बड़ी समस्याएं थीं और हमने उनमें सफलता हासिल की है। सवाल: आपका सबसे बड़ा काम क्या रहा?
जवाब: जौनपुर में फ्लाईओवर निर्माण सबसे बड़ी उपलब्धि है। लंबे समय से इसकी मांग थी। 2023 में एक और 2024 में दूसरे फ्लाईओवर को स्वीकृति दिलाई गई, जिनका काम तेजी से चल रहा है। कुत्तुपुर के पास तीसरे फ्लाईओवर को भी मंजूरी मिल चुकी है और जल्द काम शुरू होगा। सवाल: अन्य प्रमुख विकास कार्य कौन से हैं?
जवाब: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक रिंग रोड का निर्माण तेजी से हो रहा है। पहले चरण का काम पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण पर कार्य जारी है और किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है। इससे जौनपुर में जाम और यातायात की समस्या में सुधार हो रहा है। गोमती नदी पर भी कई काम हुए हैं। कलीचाबाद से प्यारेपुर तक फ्लाईओवर बन चुका है। इसके अलावा नए पुल के पास दो लेन का दूसरा पुल भी बनाया जा रहा है। एक तैयार हो चुका है और दूसरे का शिलान्यास हो चुका है। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जो आप नहीं करा पाए?
जवाब: जौनपुर में अभी उद्योगों का विकास बाकी है। इसके लिए बेहतर कनेक्टिविटी जरूरी है और इस दिशा में रोडमैप तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इस पर काम शुरू होगा। सवाल: क्या आप अगली बार भी टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: अगर पार्टी मुझे उम्मीदवार बनाती है, तो मैं निश्चित रूप से चुनाव लड़ूंगा। सवाल: क्या इस बार आपको टिकट मिलेगी?
जवाब: टिकट का निर्णय प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व करता है। अगर मिलेगा तो चुनाव लड़ेंगे। सवाल: 2027 के चुनाव में यूजीसी का कितना असर पड़ेगा?
जवाब: यूजीसी कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। असली मुद्दे जनता के विकास, कल्याणकारी योजनाएं, बेहतर मेडिकल कॉलेज, शिक्षा और युवाओं को रोजगार देना हैं। चुनाव इन्हीं मुद्दों पर लड़ा जाएगा। सवाल: एसआईआर को लेकर विपक्ष हमलावर है, इसका क्या असर पड़ेगा?
जवाब: विपक्ष सिर्फ नकारात्मक बातें करता है। एसआईआर 2003 में भी हुआ था। किसी भी मतदाता का नाम नहीं काटा जा रहा है। सभी को फॉर्म 6, 7 और 8 भरने का अधिकार है। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाता सूची का शुद्धिकरण जरूरी है। इसमें सभी दलों को सहयोग करना चाहिए।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *