गोरखपुर के बांसगांव सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से लगातार दो बार से विधायक डॉ. विमलेश पासवान अपने कामों से संतुष्ट हैं। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में रोड कनेक्टिविटी के मामले में क्रांति आई है। कामों के लिए नंबर देना तो जनता का काम है। इस क्षेत्र की जनता ने दो बार आशीर्वाद दिया है। 2027 में दावेदारी को लेकर निर्णय तो पार्टी का होगा। यदि मुझे मौका मिलता है तो इतना तय है कि हमारी लड़ाई खुद हमसे होगी। हमने मुख्यमंत्री से सीखा है कि जनता को हमेशा आगे रहना चाहिए और नेता को पीछे। उसका अनुसरण कर हम ईमानदारी से काम करते हैं। डॉ. विमलेश ने अपने कार्यकाल को लेकर दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत की। पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल : पिछले 4 साल के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब : स्वयं को तो नंबर देना मुनासिब नहीं होगा। जब आप जनप्रतिनिधि हों तो जनता ही नंबर का निर्धारण करेगी। बांसगांव की जो हमारी भाग्यविधाता जनता है, उससे अच्छा नंबर देने वाला और कोई नहीं हो सकता है। हमारा आकलन तो वो ही करेगी। मेरे कार्यों को लेकर जनता का मूल्यांकन अच्छा था इसीलिए मुझे दोबारा मौका मिला। सवाल : सबसे बड़ा काम आपने कौन सा कराया?
जवाब : इस क्षेत्र में कई ऐसे काम हुए हैं, जिससे जनता को काफी फायदा हुआ है। उसमें से कोई एक काम चुनना आसान नहीं। एहां रोड कनेक्टिविटी की बहुत दिक्कत थी लेकिन आज कनेक्टिविटी के मामले में क्रांति आ चुकी है। जब मैं पहली बार विधायक बना तो यहां बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थीं। यहां के गांव मुख्य मार्ग से नहीं जुड़े थे। न फायर स्टेशन थे। न ही हास्पिटल थे। सारी सड़कें सिंगल रोड थीं। सड़कों को टू लेन से जोड़ा गया। बांसगांव तहसील से माल्हनपार हो, कौड़ीराम हो, खजनी मार्ग हो या वैकल्पिक कुसमौल मार्ग बनवाया। कुसमौल मार्ग के बन जाने से शहर जाने की दूरी 10 से 12 किमी कम हो गई।
ये सभी काम करके काफी तसल्ली मिली। विशेष रूप से जब 50 बेड का हास्पिटल तहसील मुख्यालय पर सीएम के आशीर्वाद से बना पाने में सफल हुआ। उसके लिए मुझे बहुत ज्यादा खुशी है। कुशवासी हमारे विधानसभा क्षेत्र का काशी है। वहां चंदा घाट पुल बनाना एक बहुत बड़ा मुद्दा था। मैं बहुत खुश हूं कि अपने पहले ही कार्यकाल में उसे पूरा कराकर जनता को सौंपा। कई गांव बाढ़ से डूब जाते थे। वहां नावें चलती थीं और लोगों के पास रास्ता नहीं होता था जाने के लिए। केवल 2-3 नावें थीं। 2017 में जब हमारी सरकार बनी तो सबसे पहले हमने बाढ़ की समस्या को फेस किया। उस समय लोग मुख्य धारा से कट गए थे। मुझे खुशी है कि मैंने बेला बंधे पर पुल बना दिया। वह आवागमन का एक दूसरा विकल्प बन गया है। बाढ़ कभी आएगी भी तो अब कभी दिक्कत नहीं होगी। हमने जो भी प्रस्ताव दिया। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों को समय पर स्वीकृत करके हमें दिया। सवाल : ऐसा कौनसा काम है जिसे आप नहीं करा पाए?
जवाब : युवाओं का रोजगार एक बड़ा मामला है। लेकिन ग्रेटर गीडा, औद्योगिक गलियारा और गांव में स्वयं सहायता समूह से बड़े पैमाने पर इसमें राहत मिल रही है। हमारे यहां जानीपुर ग्राम पंचायत है, उसे ब्लाक बनाने का प्रस्ताव है। उसके ब्लाक बनने से कई गांवों के लोगों को काफी फायदा होगा, उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा। कौड़ीराम, गजपुर, हाटा को नगर पंचायत बनना चाहिए। मैंने अपने विजन डाक्यूमेंट में उसे दिया है। मुख्यमंत्री जी से भी मैंने मुलाकात की है। मैंने कहा कि जब हर जगह यह काम हो रहा है तो बांसगांव क्यों अछूता रहे। उन्होंने सकारात्मक आश्वासन दिया है। यह सारी चीजें हो जाएंगी तो लोगों को मूलभूत चीजों के लिए इधर-उधर चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। सवाल : इस बार क्या फिर आप टिकट के दावेदार है?
जवाब : हम लोग सेवक की तरह प्रतिदिन काम करते हैं। हमें तनिक भी अभिमान नहीं कि हमें बहुत कुछ चाहिए। टिकट देना पार्टी का कम है। हमारी पार्टी सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। यह उनका निर्णय होगा कि हमें फिर जनता के बीच भेजेगी या नहीं। हमारे मुख्यमंत्री ने सिखाया है कि जनता हमेशा आगे रहती है और नेता पीछे। उन्होंने पहली बार जीतने पर ही कहा था कि ईमानदारी से काम करो। आज तक मैं उस मार्ग पर चल रहा हूं। विकास हमारी नैतिक जिम्मेदारी है, जैसे डॉक्टर की जिम्मेदारी इलाज करना है। आपके कार्यव्यवहार के अनुरूप जनता आशीर्वाद देती है। उसमें बड़ा आनंद आता है। यदि पार्टी हमें प्रत्याशी बनाती है तो निश्चित ही मुझे जनता का भी आशीर्वाद मिलेगा। मेरे पास बहुत कुछ है, जिसे मैं जनता को दूंगा। सवाल : तो क्या आपको इस बार टिकट मिलेगा?
जवाब : देखिए! मैंने पहले भी कहा कि यह निर्णय पार्टी को लेना है। पार्टी हमारा मूल्यांकन करेगी और उसके अनुसार निर्णय लेगी। हमारा काम जनता की सेवा करने का है और हम पूरी ईमानदारी से वह कर रहे हैं। सवाल : आपके क्षेत्र में कनेक्टिविटी की समस्या थी। क्या बदलाव आए हैं? जवाब : अब हमारे क्षेत्र में 11 एसी सिटी बस चल रही है। कौड़ीराम, बांसगांव व गजपुर जाती हैं। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। इन बसों का कई चक्कर लगता है। कालेज जाने वाले बच्चों को काफी फायदा होता है। लगभग 3000 लोग रोज इसका फायदा लेते हैं। हमारे यहां बंधों पर रोडवेज की बसें फिर चलने लगी हैं। विधायक ने कहा कि विकास हो रहा है तो हमारे युवाओं को उसे अच्छे से यूज करना होगा। कितने ही बाइकर्स रोड एक्सीडेंट में मारे जा रहे हैं। उनके जीवन से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता। मैं लोगों से अपील कर रहा हूं कि हाई स्पीडिंग करे। बिना हेलमेट के न निकलें। कई बार मैं खुद भी लोगों को रोकता हूं, उन्हें समझाता हूं। अपने क्षेत्र में पुलिस से भी लोगों को समझाने को कहा है। पल भर की तेजी होती है उससे जीवन चला जाता है। सरकार सारा काम कर रही है लेकिन हमें स्थिरता की ओर जाना है। सवाल : अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम एवं वेटरनरी कालेज से आपके क्षेत्र को कितना फायदा होगा?
जवाब : बहुत फायदा होगा। स्टेडियम बनेगा तो काफी विकास होगा। लोगों को रोजगार मिलेगा। पूरे क्षेत्र में शहरीकरण होगा। एक क्रांति आएगी। होटल बनेगा, दुकानें आएंगी। बहुत बड़ी संभावना सृजित हो रही है। इससे रोजगार की दृष्टि से काफी फायदा होगा। सवाल : आपको 2027 में टिकट मिलता है तो लड़ाई किससे होगी?
जवाब : यह हमारे लोकतंत्र की खूबसूरती है कि जब चुनाव आता है तो सभी पार्टियां लड़ने आ जाती हैं। लेकिन हम लोग जनता के सेवक के रूप में 365 दिन कम करते हैं। पार्टी का चाहे कोई भी अभियान हो, उसे एक आंदोलन की तरह करते और कराते हैं। सबकी जनभावना उसमें शामिल करते हैं और अच्छी सफलता मिलती है। यह निश्चित है कि आगे भी हमारी लड़ाई खुद से होगी। हमें और अच्छा करना है। चुनाव में बहुत लोग आएंगे। यदि वे भी 365 दिन चलते तो हमारे लिए चुनौती बनते। प्रदेश में सुरक्षा का जो माहौल है, वह सरकार का एसेट है। इसीलिए हमारी लड़ाई हमीं से होगी कि हम और मजबूती से उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएं।

Leave a Reply