अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र के सदरपुर में जमीनी विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार सदरपुर निवासी सभाराज और रामभवन के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सभाराज अपनी हिस्से की जमीन पर घर का निर्माण करवा रहे थे। घर का लिंटर डलवाते समय रामभवन के परिजनों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। विरोध के दौरान दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों परिवारों की महिलाओं ने भी एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। इस झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। मारपीट का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है।

Leave a Reply