![]()
गैस एजेंसी पर सिटी मजिस्ट्रेट का छापा:स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी, 695 भरे सिलेंडर मिले; नोटिस जारी होगा
संभल में उपभोक्ताओं की शिकायतों के बाद गैस एजेंसियों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बुधवार शाम भवानीपुर स्थित एचपी संभल गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में रखे स्टॉक और कार्यालय के रजिस्टर का मिलान नहीं हो सका। जांच में एजेंसी के गोदाम में 49 भरे और 10 खाली कमर्शियल सिलेंडर मिले। इसके अलावा, 695 भरे और 44 खाली घरेलू सिलेंडर भी पाए गए। मौके पर स्टॉक रजिस्टर निर्धारित प्रारूप में नहीं था, जिससे गंभीर अनियमितता सामने आई। इस अनियमितता के चलते सिटी मजिस्ट्रेट ने संबंधित गैस एजेंसी को पूर्ति निरीक्षक के माध्यम से नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के आधार पर की गई है। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों पर पर्याप्त गैस उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी एजेंसी द्वारा परेशान किया जाता है, तो वे सीधे कंट्रोल रूम या किसी सक्षम अधिकारी से शिकायत कर सकते हैं। संभल जनपद में कुल 39 गैस एजेंसियां हैं और लगभग 4.50 लाख उपभोक्ता हैं। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन की बुकिंग चल रही है। प्रतिदिन 15,000 से अधिक उपभोक्ता बुकिंग करते हैं और 12,500 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply