हापुड़ में मंगलवार को इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। जिले का न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि ठंडी हवा और नमी के कारण लोगों को यह करीब 5 डिग्री सेल्सियस महसूस हुआ। सोमवार देर रात से ही कोहरे की चादर से हापुड़ की सड़कों पर धुंध छा गई। कुल मिलाकर सर्द हवाओं और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। सुबह के समय हापुड़ में हवा की रफ्तार 11 से 13 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया। कोहरे के कारण दृश्यता कम रही, जिससे सड़कों पर आवागमन मुश्किल हो गया। खासकर हाईवे और मुख्य मार्गों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन धीमी गति से चलते दिखे और लोगों को लाइटें जलाकर चलना पड़ा। ठंड बढ़ने के कारण सुबह टहलने निकलने वाले लोगों की संख्या भी कम दिखाई दी। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। समय के साथ बढ़ेगी ठंड मौसम विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि उत्तर भारत में चल रही सर्द हवाओं और मौजूदा मौसम प्रणाली के चलते तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने की संभावना भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक रूप से सुबह जल्दी बाहर न निकलने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है। ठंड के इस बढ़ते असर को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में है।
https://ift.tt/S7W2ZiO
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply