भास्कर न्यूज | किशनगंज /अररिया लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शनिवार से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। जिले में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। सुबह से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। नहाय-खाय के लिए कद्दू की मांग बाजारों में ज्यादा रही। इसके चलते अमूमन 20 से 30 रुपये किलो बिकने वाला कद्दू शनिवार को 100 रुपये तक पहुंच गया। अचानक बढ़ी मांग के चलते सब्जी मंडियों और फुटकर दुकानों पर खरीददारों की लंबी कतारें लगी रहीं। उधर, अररिया में चांदनी चौक पूजन सामग्री से सज गया है। खरीददारों की भारी भीड़ उमड़ी। पिछले वर्षों की तुलना में इस साल पूजन सामग्री की कीमत ज्यादा देखी गई। लेकिन महंगाई के बावजूद श्रद्धालु फल, सूप, ढाकी आदि पूजन सामग्री की व्रतियों ने खरीददारी की। शनिवार को चांदनी के चौक, हटिया रोड, बस स्टैंड आदि स्थानों पर छठव्रती पूजन सामग्री खरीद करते नजर आए।खरीददारों की भीड़ के कारण ट्रैफिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। चांदनी चौक पर भीड़ को देखते हुए छोटे वाहनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं। टोटो व ऑटो को एडीबी चौक से ही नवरत्न चौक की तरफ भेजा जा रहा है। भीड़ भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बलों और अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिस के जवान और अधिकारी ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर मशक्कत करते नजर आए। व्रतियों ने सुबह स्नान कर सूर्य देव की आराधना कर महापर्व को पूर्ण करने का संकल्प लिया। व्रतियों ने नदी पोखर सहित अपने घरों में स्नान कर स्वयं को सात्विक व पवित्र कर महापर्व की शुरुआत की। इसको लेकर व्रतियों ने भगवान भास्कर की पूजा अर्चना कर जल का अर्घ्य दिया। व्रतियों ने रविवार को होने वाले खरना के लिए गेहूं को धोया और सुखाया। रविवार को खरना, सोमवार को संध्या अर्घ्य और मंगलवार की सुबह व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करेंगे।
https://ift.tt/t2e4QLu
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply