नए साल 2026 में अब सिर्फ 2 दिन बचे हैं, इससे पहले यूपी के 3 बड़े धार्मिक शहरों अयोध्या-मथुरा और काशी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। मंदिरों की तरफ जाने वाले रास्तों पर चलने को जगह नहीं बची है। वाराणसी में नए साल पर बाबा काशी विश्वनाथ स्वर्ण दर्शन (सोने के मुकुट) देंगे। स्पर्श दर्शन पर 3 जनवरी तक के लिए रोक लगा दी गई है। 5 घंटे में दर्शन मिल पा रहे हैं। 6 लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान है। अयोध्या के राम मंदिर में भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ मनाई जा रही है। 31 दिसंबर को CM योगी आदित्यनाथ यहां पहुंचेंगे। अंगद टीला पर मानस पाठ और कल्चरल आयोजन होंगे। कर्नाटक से लाई गई श्रीराम की मूर्ति स्थापित की गई है, भक्त खासतौर पर इस मूर्ति को देखने पहुंच रहे हैं। सोने की प्रतिमा पर हीरे और माणिक की सजावट है। इसकी कीमत 30 करोड़ आंकी गई है। मथुरा में टूरिस्ट इतने ज्यादा पहुंच गए हैं कि बांके बिहारी मंदिर प्रबंधन ने 5 जनवरी तक वृंदावन न आने की अपील की है। दर्शन के लिए 3Km पैदल चलना पड़ रहा है। श्रद्धालु साल 2026 की शुरुआत भगवान के दर्शन से करना चाहते हैं। इन तीनों शहरों में 2 दिन में 25 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। वाराणसी, मथुरा और अयोध्या के होटल का टैरिफ 20–30% तक महंगा हो चुका है। VIP दर्शन पर रोक लगा दी गई है, लोगों को मंदिर के रास्तों पर रूकने नहीं दिया जा रहा है। पढ़िए रिपोर्ट… सबसे पहले वाराणसी का हाल जानिए… बाबा विश्वनाथ के स्पर्श दर्शन नहीं, VIP भी लाइन में लगेंगे
3 जनवरी तक बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में ज्योतिर्लिंग के स्पर्श दर्शन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। VIP प्रोटोकॉल में दर्शन नहीं हो सकेंगे। हर पॉइंट पर CCTV से नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं को गर्भगृह तक जिक-जैक लाइन में लाया जा रहा है। दर्शन मिलने में 5 घंटे लग रहे हैं। धाम में मौजूद लाकर सुविधा बंद कर दी गई है। भक्त कोई भी समान अंदर नहीं ले जा सकेंगे, सिर्फ गंगा जल ले जाने की परमिशन है। वहीं, देशभर के श्रद्धालु घर बैठे ऑनलाइन बाबा के दर्शन कर सकेंगे। काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO विश्व भूषण मिश्र ने कहा- धाम में सभी द्वारों से दर्शनार्थियों के लिए एंट्री हो सकेगी। ललिता घाट (गंगा द्वार) से श्रद्धालु जाएंगे, इसमें गेट नं. 4, नंदू फेरिया, सिल्को, ढुंढिराज और सरस्वती फाटक प्रवेश रूट शामिल हैं। होम स्टे का किराया दोगुना, बाबा पर 20 लाख किलो गुलाब चढ़ेगा
वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं को होटल स्टे के लिए सबसे ज्यादा मुश्किल हो रही है। शहर में 2500 होटल, लॉन्ज और होम स्टे हैं। इसमें 35 फाइव और थ्री स्टार होटल हैं। गंगा घाट के करीब वाले होटल की सबसे ज्यादा डिमांड हैं, इसलिए उनके टैरिफ भी सामान्य दिनों से ज्यादा है। करीब 20 से 30% महंगे हो चुके हैं। साधारण होटल्स में ठहरना के लिए 20% ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। सामान्य दिनों में होम स्टे में जो कमरे 1 हजार से 1500 रुपए में मिल जाते थे, अब उनके लिए दोगुनी कीमत देनी पड़ रही है। नए साल पर 20 लाख पीस गुलाब का फूल बिकने का अनुमान है। 2 हजार टन गेंदा का फूल माला बिकेगा। काशी के कोल्ड स्टोरेज में फूल रखे गए हैं। मथुरा शहर के हाल जानिए बांके बिहारी के दर्शन के लिए 2-3 घंटे का इंतजार
मथुरा से ज्यादा वृंदावन में श्रद्धालु हैं। 31 दिसंबर की शाम तक 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में महाकुंभ जैसा सीन दिखने वाला है। यहां पैर रखने को जगह नहीं है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए बांके बिहारी मंदिर प्रबंधन ने 5 जनवरी तक श्रद्धालुओं से वृंदावन नहीं आने की अपील की है। बांके बिहारी मंदिर में सामान्य दिनों में 35 मिनट से 1 घंटे में दर्शन मिल जाते हैं, मगर नए साल पर टूरिस्ट ज्यादा होने से 2 से 3 घंटे में दर्शन मिल पा रहे हैं। भीड़ इतनी ज्यादा हो गई है कि कुंज गलियों में पानी की बोतलें तक नहीं मिल पा रही हैं। मंदिर प्रबंधन ने ये सुझाव जारी किए हैं- 3Km पैदल चलेंगे, तब मिलेंगे दर्शन
दिल्ली, हरियाणा से आने वाले श्रद्धालुओं की वजह से हाईवे पर जाम की स्थिति बन रही है। शहर के अंदर एंट्री करने के लिए 3-4 घंटे का जाम मिल रहा है। शहर के अंदर सड़कों पर भी जाम मिल रहा है, इसलिए बाहर ही बाहर 18 पार्किंग में गाड़ियां लगाने के बाद 3Km पैदल चलने के बाद बांके बिहारी दर्शन मिल पा रहे हैं। 8:15 घंटे दर्शन देंगे बांके बिहारी
31 दिसंबर और 1 जनवरी को दर्शन की टाइमिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है, सुबह 8.45 बजे से दर्शन शुरू हो जाएंगे, 1 बजे कपाट बंद होंगे। फिर शाम को 4.30 बजे दोबारा दर्शन शुरू होंगे, 8.30 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। नए साल पर भोग और वेशभूषा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अब अयोध्या का सीन समझिए 5 लाख श्रद्धालु होंगे, उत्सव मनाया जा रहा
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ 31 दिसंबर को मनाई जाएगी। धार्मिक आयोजन शुरू हो चुके हैं, मुख्य आकर्षण 31 दिसंबर की शाम और 1 जनवरी की सुबह होगा। 5 लाख श्रद्धालु पहुंचने का अनुमान है। इस उत्सव में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। रक्षा मंत्री राम मंदिर परिसर के अन्नपूर्णा मंदिर में ध्वजारोहण करेंगे। इस दौरान रामलला का दर्शन-पूजन जारी रहेगा। राम मंदिर और हनुमान गढ़ी के बाहर 3 से 4 Km लंबी लाइनों में लगने के बाद ही दर्शन मिल रहे हैं। क्राउड मैनेजमेंट के लिए अयोध्या एडमिनिस्ट्रेशन ने शहर के अंदर गाड़ियों के आने पर रोक लगा दी है, कुल 36 पार्किंग बनाई गईं हैं। इस बार कर्नाटक से आई सोने की राम की मूर्ति को देखने के लिए लोग खासतौर पर पहुंच रहे हैं। 500 Kg वजन वाली प्रतिमा की कीमत 30 करोड़ बताई जा रही है। ऑनलाइन पास फुल, रास्तों में लगे गैस हीटर
रामलला की आरती और दर्शन के लिए जारी किए जाने वाले ऑनलाइन पास पूरी तरह बुक हो चुके हैं। VIP दर्शन रोक दिए गए हैं। प्रशासन ने बढ़ती ठंड को देखते हुए रास्तों में गैस हीटर लगाए हैं। हालांकि राम मंदिर दर्शन के समय में किसी तरह की बदलाव नहीं किया गया है। मंदिर परिसर में किसी श्रद्धालु को ठहरने नहीं दिया जा रहा है। 5 सेकेंड के दर्शन के लिए 2.30 से 3 घंटे लग रहे हैं। 5 दिन पाठ, सिंगर सुरेश वाडेकर, अनूप जलोटा भजन सुनाएंगे
रामनगरी अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजन शुरू हो चुके हैं। 5 दिन चलने वाले आयोजनों के लिए राम जन्मभूमि परिसर में स्थित अंगद टीला पर भव्य पंडाल बनाया गया है। पहले दिन श्रीरामचरित मानस पाठ हुआ। श्री श्री मां आनंदमयी मानस परिवार के सदस्यों की ओर से श्रीरामचरित मानस के बालकांड का पाठ किया जा रहा है, यह पाठ 5 दिन तक चलेगा। हर दिन कल्चरल आयोजन भी होंगे। सिंगर सुरेश वाडेकर, अनूप जलोटा और तृप्ति शाक्या की ओर से रामलला परिसर में भजन सुनाए जाएंगे। ……………… ये पढ़ें – अयोध्या–काशी में 2km लंबी लाइन, वृंदावन में महाकुंभ जैसी भीड़:बांके बिहारी मंदिर की अपील– 5 जनवरी के बाद ही दर्शन करने आएं नए साल से पहले काशी, मथुरा और अयोध्या में भक्तों का सैलाब सा उमड़ पड़ा है। अयोध्या में रामलला और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए 2–2 किलोमीटर लंबी लाइनें लगी हैं। वृंदावन में तो महाकुंभ जैसी भीड़ जमा है। यहां पैर रखने लायक भी जगह नहीं है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए बांके बिहारी मंदिर प्रबंधन ने 29 दिसंबर से 5 जनवरी तक श्रद्धालुओं से वृंदावन न आने की अपील की है। पढ़िए पूरी खबर…
https://ift.tt/h5dRTzp
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply