बिहार में ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। कई जिलों में घना कोहरा और कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है। पटना में भी शीत लहर जैसी स्थिति बनी हुई है। आने वाले दिनों में ठंड और भी ज्यादा बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार यानी आज पटना समेत 29 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे दिन और रात में ठिठुरन और बढ़ेगी। पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, 3 जनवरी तक कोहरे और कोल्ड-डे से राहत मिलने की संभावना कम है। 2 और 3 जनवरी के बीच कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना बन रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान अररिया राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नालंदा का तापमान 9.1 डिग्री रहा। जबकि राजगीर में सोमवार को भी तापमान 8.5 डिग्री रहा। ठंडी पछुआ हवाओं से बढ़ी ठंड मौसम विभाग ने बताया है कि बिहार में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी पछुआ चल रही है, जिसकी वजह से पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है। खासकर सुबह और देर रात के समय हालात और भी मुश्किल हो सकते हैं। खुले इलाकों में विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर तक रहने की संभावना है। नए साल में कैसा रहेगा मौसम? मौसम विभाग का अनुमान है कि नए साल की शुरुआत में ठंड और बढ़ सकती है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक पछुआ हवाओं की रफ्तार कम नहीं होती और पश्चिमी विक्षोभ कमजोर नहीं पड़ता, तब तक ठंड से राहत की उम्मीद कम है। पटना का मौसम कैसा रहेगा? पटना में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है। राजधानी में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ेगी। ठंड बढ़ने की क्या है वजह? मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मध्य क्षोभ मंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पछुआ हवाओं के कारण ठंड बढ़ा है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब उत्तरी बांग्लादेश तक फैल चुका है। इसके अलावा पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन सिस्टमों के चलते उत्तर भारत से लगातार ठंडी हवाएं बिहार की ओर आ रही हैं।
https://ift.tt/Viet4jw
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply