महराजगंज जनपद के शिवपुर रजवल गांव निवासी 25 वर्षीय किरण यादव की प्रसव के बाद एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने महराजगंज चौक मार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। गांव की आशा कार्यकर्ता किरण यादव को प्रसव के लिए सिसवनिया केंद्र से एक निजी अस्पताल लेकर पहुंची थीं। किरण के साथ उनके पति भोलू यादव और सास भी मौजूद थे। परिजनों के मुताबिक, बीते दिन शाम करीब 7 बजे महिला का ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई। परिजनों का आरोप है कि समय रहते समुचित इलाज नहीं किया गया, जिसके कारण आज लगभग दोपहर 3 बजे महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए महराजगंज चौक मार्ग जाम कर दिया और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर सदर कोतवाल निर्भय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर मामले की जांच तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ठाकुर आरोग्यम हॉस्पिटल, चौक रोड, महराजगंज में प्रसूता की मौत के मामले को मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) ने गंभीरता से लिया है। उप जिलाधिकारी, सदर महराजगंज ने बताया कि घटना के बाद परिजनों ने चक्का जाम कर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय द्वारा तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया है। इस टीम में डॉ. वीरेन्द्र आर्या (अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, महराजगंज), डॉ. अरुण कुमार सिंह (स्त्री रोग विशेषज्ञ, जिला संयुक्त चिकित्सालय, महराजगंज) और डॉ. शांति विजय मिश्रा (निश्चेतक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल) शामिल हैं। टीम को तत्काल जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है, ताकि दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। यह आदेश 29 दिसंबर 2025 को मुख्य चिकित्साधिकारी, महराजगंज द्वारा जारी किया गया।
https://ift.tt/I765tfp
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply