एटा शहर के मुहल्ला शांति नगर में एक तेरहवीं की दावत के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान पथराव और फायरिंग हुई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। घटना शांति नगर स्थित अतिथि निवास गेस्ट हाउस में हुई। घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय अंकित पांडेय पुत्र संतोष पांडेय के रूप में हुई है। अंकित ने बताया कि उनके ताऊ की तेरहवीं की दावत चल रही थी, तभी किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। कहासुनी जल्द ही विवाद में बदल गई और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। अंकित ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तभी एक पक्ष ने तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पथराव के दौरान पत्थर लगने से अंकित पांडेय घायल हो गए। घटना के बाद उनके परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। कोतवाली प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Puri Khabar Yahan Padhein
Leave a Reply