DniNews.Live

गोरखपुर के धर्मशाला में चला नगर निगम का बुल्डोजर:वसूले गए कुल 58,400 रुपये, ETF ने जप्त किया सामान

गोरखपुर में शहर को जाम से राहत दिलाने और सड़कों को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम ने सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस दौरान धर्मशाला ओवरब्रिज से लेकर पैडलेगंज और आजाद चौक तक कई जगहों पर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। अभियान की शुरुआत पैडलेगंज से हुई, जहां से नगर निगम की टीम आगे बढ़ते हुए रुस्तमपुर ढाला और फिर आजाद चौक तक पहुंची। रास्ते में सड़क की पटरियों पर रखी गई गुमटियां, ठेले और दुकानों का सामान हटवाया गया। कई जगहों पर दुकानदारों ने सड़क तक अपना सामान फैला रखा था, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए इन्हें हटाया। इसके बाद धर्मशाला ओवरब्रिज के नीचे विशेष अभियान चलाया गया। यहां लंबे समय से अवैध तरीके से दुकानें लगाई जा रही थीं, जिससे रास्ता संकरा हो गया था और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। नगर निगम की टीम ने इन दुकानों को हटाकर रास्ता खाली कराया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने कुल 58,400 रुपये का जुर्माना भी वसूला और बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया। जब्त किए गए सामान को नगर निगम के डिपो में जमा कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद लोग सड़क पर अतिक्रमण कर रहे थे, इसलिए सख्ती करनी पड़ी। नगर निगम के राजस्व अधिकारी बीएन उपाध्याय ने बताया कि यह अभियान नगर आयुक्त के निर्देश पर चलाया गया है और आगे भी शहर के अन्य इलाकों में जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि अगर दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी, साथ ही जुर्माने की राशि भी बढ़ाई जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *