रामपुर के पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है। 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी सोमेंद्र मीणा को रामपुर का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया गया है। वर्तमान एसपी विद्या सागर मिश्रा का तबादला सीतापुर में सेनानायक 11वीं वाहिनी पीएसी के पद पर किया गया है। सोमेंद्र मीणा महाराजगंज से स्थानांतरित होकर रामपुर आ रहे हैं। वह अपनी तेजतर्रार छवि, अनुशासनप्रियता और अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त रवैये के लिए जाने जाते हैं। महाराजगंज में उनके कार्यकाल के दौरान अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई, पुलिसिंग में तकनीकी सुधार और जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के प्रयासों की सराहना की गई थी। वहीं, विद्या सागर मिश्रा अपने शांत स्वभाव, संतुलित निर्णय क्षमता और संवेदनशील पुलिसिंग के लिए जिले में लोकप्रिय रहे। उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण मामलों का सफल खुलासा हुआ और पुलिस-जनता के बीच भरोसा मजबूत हुआ। विद्या सागर मिश्रा ने रामपुर में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सामुदायिक पुलिसिंग पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने त्योहारों और संवेदनशील मौकों पर बेहतर समन्वय बनाकर शांति व्यवस्था कायम रखी। उनके निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन को खूबसूरत बनाया गया और कई थानों जैसे सिविल लाइन, नगर कोतवाली, गंज कोतवाली, स्वार कोतवाली और खजुरिया की स्थिति में सुधार किया गया। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल कायम करने में भी योगदान दिया। अब देखना होगा कि नए एसपी सोमेंद्र मीणा अपनी कार्यशैली से रामपुर में कानून-व्यवस्था को किस तरह नई दिशा देते हैं और जनता की अपेक्षाओं पर कितना खरा उतरते हैं।

Leave a Reply