कुशीनगर में पहली बार इंटरनेशनल बौद्ध कॉन्क्लेव का आयोजन मंगलवार से शुरू हो रहा है। तीन दिवसीय यह आयोजन धम्म, संवाद और विकास की थीम पर केंद्रित है, जिसका उद्देश्य बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाना है। सोमवार देर शाम पथिक निवास में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि कॉन्क्लेव में 200 से अधिक विदेशी मेहमान और लगभग 2000 बौद्ध भिक्षु शामिल होंगे। टूर ऑपरेटर, एयरलाइंस और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि भी इसमें भाग लेंगे। कार्यक्रम के तीसरे और अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने की उम्मीद है। कॉन्क्लेव की पूर्व संध्या पर बौद्ध भिक्षुओं और सैकड़ों लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर विश्व शांति की कामना की। इस दौरान जापान से आए एक बौद्ध गुरु ने जापानी भाषा में शांति पाठ किया। जिलाधिकारी ने ‘संवाद हर समस्या का समाधान है’ के विचार को रेखांकित करते हुए कहा कि यह आयोजन वैश्विक स्तर पर शांति और सह-अस्तित्व का संदेश देगा। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि विदेशी मेहमानों की उपस्थिति को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बुद्ध मंदिर मार्ग को तीन दिनों के लिए ‘नो-व्हीकल जोन’ घोषित किया गया है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। यह कॉन्क्लेव कुशीनगर को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की एक बड़ी पहल मानी जा रही है। प्रशासन की योजना इसे प्रतिवर्ष आयोजित करने और भविष्य में इसकी अवधि पांच दिन तक बढ़ाने की है। पर्यटन बढ़ने से निवेश आकर्षित होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जो इस कॉन्क्लेव का प्रमुख लक्ष्य है। तीन के कार्यक्रम की पूरी लिस्ट देखें…
तीन दिन तक चलने वाले इस विशेष आयोजन का विस्तृत कार्यक्रम तय कर लिया गया है। पहले दिन उद्घाटन से लेकर अंतिम दिन समापन तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पर्यटन, निवेश, संस्कृति और सामाजिक संदेशों को प्रमुखता दी जाएगी। पहला दिन
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री द्वारा किया जाएगा। इसके बाद शांति मार्च और कैंडिल मार्च निकाला जाएगा। आयोजन की शुरुआत जप से होगी, जिससे वातावरण को आध्यात्मिक स्वरूप दिया जाएगा। दूसरा दिन
दूसरे दिन कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री की मौजूदगी रहेगी। इस दौरान पर्यटन और निवेश के अवसरों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में 100 से अधिक टूर ऑपरेटर और इंडस्ट्री एक्सपर्ट हिस्सा लेंगे। साथ ही, प्रतिभागियों को बौद्ध स्थलों और एयरपोर्ट का भ्रमण भी कराया जाएगा। तीसरा दिन
अंतिम दिन कृषि मंत्री की उपस्थिति प्रस्तावित है, जबकि मुख्यमंत्री के आगमन की भी संभावना जताई जा रही है। इस दिन गायक का लाइव शो आयोजित होगा। कार्यक्रम का समापन ‘रन फॉर पीस’ और कैंडिल मार्च के साथ किया जाएगा। ये रहेंगे प्रमुख आकर्षण के केंद्र
कार्यक्रम के दौरान कॉन्क्लेव की ओपनिंग सेरेमनी, भगवान बुद्ध पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन, बुद्धा गैलरी और शॉर्ट फिल्म शो प्रमुख आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा कृषि विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षक, युवा और किसानों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा भोजपुरी नाइट का आयोजन भी होगा। वहीं, शांति उपवन में बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Leave a Reply