DniNews.Live

हरदोई के योगेश त्रिवेदी बने कमर्शियल टैक्स ऑफिसर:UPPCS में 133वीं रैंक हासिल की, आरपीएफ में दरोगा के पद पर तैनात

हरदोई के योगेश त्रिवेदी ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UP PCS) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए कमर्शियल टैक्स ऑफिसर (CTO) के पद पर चयन पाया है। उन्होंने परीक्षा में 133वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। योगेश त्रिवेदी वर्तमान में श्रीनगर के पट्टन रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे चौकी में उप-निरीक्षक (एसआई) के पद पर तैनात हैं। वे मूल रूप से हरदोई के टोडरपुर ब्लॉक के ग्राम सुंदरपुर उमरौली के निवासी हैं और शहर में बाबा मंदिर के पास रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी प्रियंका, बेटी समृद्धि और बेटा योगेश शामिल हैं। उनके पिता राम सेवक त्रिवेदी किसान हैं। योगेश की प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई। उन्होंने शाहाबाद के बसंत इंटर कॉलेज से हाईस्कूल और आरआर इंटर कॉलेज से वर्ष 2001 में इंटरमीडिएट पास किया। इसके बाद उनका चयन भारतीय नौसेना में हो गया। वर्ष 2017 में नौसेना से सेवानिवृत्त होने के बाद 2019 में उनका चयन भारतीय स्टेट बैंक में क्लर्क के पद पर हुआ। हालांकि, 2021 में उन्होंने बैंक की नौकरी छोड़कर रेलवे पुलिस बल (RPF) ज्वाइन कर लिया। नौकरी के साथ ही उन्होंने अन्ना यूनिवर्सिटी से पत्राचार के माध्यम से गणित में एमएससी की डिग्री भी हासिल की। उनकी पत्नी प्रियंका के अनुसार, योगेश वर्तमान में प्रयागराज में यूपीपीसीएस 2025 की मुख्य परीक्षा दे रहे हैं। वे रोज सुबह 3 बजे उठकर पढ़ाई करते हैं और पढ़ाई के दौरान मोबाइल स्विच ऑफ रखते हैं। योगेश के छोटे भाई आशीष दिल्ली में फायर इंजीनियर हैं, अनुज त्रिवेदी एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि सबसे छोटे भाई अमित आईएएस की तैयारी कर रहे हैं। योगेश त्रिवेदी की यह सफलता मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का उदाहरण है, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *