DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

69वीं मण्डलीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न:DM बोले- यह हार-जीत नहीं, प्रतिभा निखारने का अवसर है

जालौन के उरई स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय 69वीं मण्डलीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025-26 का रविवार को समापन हो गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और मुख्य विकास अधिकारी कुमुदेन्द्र कलाकार सिंह ने विजेता व प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बताया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न वर्गों में रोमांचक मुकाबले हुए। व्यक्तिगत चैम्पियनशिप में सीनियर बालक वर्ग में जालौन के केशव, जूनियर बालिका वर्ग में जालौन की रवीना और ललितपुर की रीनू देवी ने खिताब जीते। ओवरऑल टीम चैम्पियनशिप में बालक वर्ग (सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर) में जालौन जिला विजेता रहा, जबकि बालिका वर्ग (सीनियर व जूनियर) में ललितपुर जिले ने बाजी मारी। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रतियोगिता केवल हार-जीत का मंच नहीं, बल्कि प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास विकसित करने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने बताया कि राज्य और केंद्र सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। खेलों से युवा पीढ़ी में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ समाज में अनुशासन और समरसता भी बढ़ती है। मुख्य विकास अधिकारी कुमुदेन्द्र कलाकार सिंह ने कहा कि विद्यालय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं ही प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की नींव तैयार करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और नियमित अभ्यास करने का आग्रह किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, खेल प्रशिक्षक, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह के दौरान बच्चों में उत्साह और गर्व स्पष्ट दिखाई दिया। प्रतियोगिता का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


https://ift.tt/8Peoabm

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *