देवरिया जिले के सिकटिया गांव के नोहर छपरा में सोमवार को करीब 60 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर श्रीरामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह कुछ लोगों ने गांव के पास एक शव पड़ा देखा। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, शव के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज या सामान नहीं मिला। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है और गुमशुदा व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है और शव की पहचान कराने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

Leave a Reply